गाजीपुर। कासिमाबाद कोतवाली के डाही पुलिया स्थित बंद पड़ी मिल के पास से स्थानीय और बरेसर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने बुधवार को चार शातिर चोरों को धर दबोचा। उनकी निशानदेही पर 10 चोरी की बाइक भी बरामद की गई। एसपी ने पुलिस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कासिमाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्याम जी यादव और बरेसर थानाध्यक्ष शशिचंद चौधरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली की डाही पुलिया के पास बंद पड़ी मिल के पास चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गैंग के चार शातिर चोर खड़े हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी करके चारों को धर दबोचा। साथ ही उनकी निशानदेही पर कासिमाबाद, बरेसर, बिरनो, सदर कोतवाली, जनपद मऊ और जनपद बलिया के विभिन्न थानों से चोरी की गई बाइक बरामद की गई। पूछताछ में चोरों ने अपना नाम आलोक मिश्रा निवासी कागदीपुर गांव, अमित राजभर निवासी फत्तेपुर, सिंटू सोनकर निवासी लीलापुर, दीपक राजभर निवासी रेंगा गांव बताया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्यामजी यादव, थानाध्यक्ष बरेसर शशिचंद चौधरी, उपनिरीक्षक महमूद आलम, उपनिरीक्षक फूलचंद पांडेय, उपनिरीक्षक सुनील कुमार दुबे, उपनिरीक्षक अभिराज सरोज, उपनिरीक्षक जितेंद्र उपध्यायआदि शामिल रहे।