गाजीपुर। जिला कारागार में बंद बसपा के पूर्व सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत तीन दिन पूर्व अचानक खराब हो गई। तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम ने पहुंचकर उनके स्वास्थ्य का परीक्षण करने के साथ तत्काल उपचार मुहैया कराया, जिससे अब वह स्वस्थ हैं। हालांकि प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए सुबह- शाम डॉक्टरों की टीम लगाई गई है, जिससे निगरानी चलती रहे।
गैंगस्टर के मामले में एमपी एमएलए की स्पेशल कोर्ट ने बीते 29 अप्रैल को अफजाल अंसारी को चार साल की सजा सुनाई थी। इसके चलते अफजाल की संसद सदस्यता भी समाप्त हो गई थी। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दो साल से ऊपर सजा होने पर संसद की सदस्यता के अयोग्य हो जाता है। चार साल की सजा मिलने के बाद अफजाल की लोकसभा की सदस्यता समाप्त हो गई थी। ऐसे में पूर्व सांसद अफजाल अंसारी जिला कारागार में तभी से बंद हैं। वे मधुमेह और रक्तचाप जैसी बीमारी से ग्रसित हैं। गर्मी के चलते बीते 20 जून को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन द्वारा सूचना मिलने पर मेडिकल कालेज प्रशासन की ओर से तीन सदस्यीय टीम उपचार करने पहुंची। बीते 21 जून एक बार फिर उनकी तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों की टीम वहां पहुंची और उनका उपचार की। इस संबंध में महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डाॅ. आनंद मिश्रा ने बताया कि पूर्व सांसद के स्वास्थ्य की जांच के लिए तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम लगाई गई है। वे प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य की जांच करने के साथ निगरानी कर रहे थे। मधुमेह पीड़ित होने के चलते तबीयत उनकी बिगड़ गई थी। अब स्वस्थ हैं।