गाजीपुर जनपद के सादात बीआरसी पर बृहस्पतिवार को चल रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के दूसरे बैच के प्रशिक्षण में तीन से छह वर्ष के बच्चों की देखभाल और उन्हें शिक्षित करने के बारे में बताया गया। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शिक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। उस जिम्मेदारी को निभाने के लिए आंगनबाड़ियों को प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिले में भी यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ब्लॉक स्थित बीआरसी केंद्र पर संचालित हैं।
जगदीशपुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रीता देवी ने बच्चों को खेल गतिविधि से सिखाने का आसान तरीका बताया। वहीं वृंदावन की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता देवी ने प्रशिक्षण में दूसरे दिन बताए गए बिंदुओं को एक-एक करके दोहराते हुए प्रस्तुत किया। लक्ष्मीना सिंह ने गीत पर अभिनय कर बच्चों को अक्षर ज्ञान कराने की विधा बताई। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता कुशवाहा और गायत्री कुशवाहा ने तालियों पर प्रतिभागियों का सामूहिक अभिनय कराकर अक्षर ज्ञान कराया। प्रशिक्षक एवं सुपरवाइजर मंजू सिंह, इंदू सिंह, रतन देवी, बबिता भास्कर, एआरपी रमाशंकर सिंह, राजेश सिंह यादव आदि मौजूद रहे।