सुहवल/दिलदारनगर। पूर्व मध्य रेलवे दानापुर के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार सोमवार को पटना से अपने विशेष सैलून से गहमर, भदौरा, दिलदारनगर रेलवे स्टेशन आदि का निरीक्षण करते हुए ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गंगा किनारे बन रहे रेल कम रोड ब्रिज का निरीक्षण कर मातहतों से आवश्यक जानकारी हासिल की। निर्माणाधीन नये रेलवे स्टेशन सोनवल के चल रहे कार्यों का जायजा लेने के साथ ही ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन पर वेटिंग हॉल, प्लेटफार्म के मुख्य द्वार, कर्मचारियों के आवास, परिसर और पार्क को देखा।
मंडल प्रबंधक ने स्टेशन के दोनों तरफ सर्कु लेटिंग एरिया एवं साफ सफाई का निरीक्षण किया। साफ-सफाई को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक एवं टिकट आफिस का भी निरीक्षण किया। दुर्घटना राहत के प्रमुख उपकरण हाइड्रोलिक क्रेन, वेल्ड कटर, हाइड्रोलिक पैनल की जानकारी ली। दुर्घटना के समय प्रयोग में लाए जाने वाले सामान फर्स्ट एड बॉक्स, वाटर प्रूफ एवं हिट प्रूफ जैकेट एवं स्ट्रेचर, जीवन रक्षक दवाएं, लाइफ सपोर्ट सिस्टम आदि उपकरणों की गहन जांच किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय के यात्रियों के लिए व्यवस्थित न रहने पर नाराजगी जताई। स्टेशन अधीक्षक सुजित कुमार ने सिंक अप एवं लिंक अप के महीनों से खराब होने की शिकायत की जिस पर उन्होंने इसे जल्द दुरुस्त करवाने के लिए मातहतों को निर्देशित किया। मेदिनीपुर के ग्राम प्रधान दीपक सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रेल प्रबंधक को एक लिखित ज्ञापन सौंपा। इसमें यात्री सुविधाओं के लिए मेदिनीपुर में एक हाल्ट स्टेशन, परिसर में दुकानदारों के लिए दुकान अनवरत खोलने एवं स्टेशन परिसर एवं स्टेशन पर शौचालयों, पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की। इस पर उन्होंने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सीनियर डीएसटी आरके कुशवाहा, सीनियर डीईएन, पीडब्ल्यूआई अखिलेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार चौधरी, आरपीएफ प्रभारी राकेश कुमार, जीआरपी प्रभारी दिलीप सिंह आदि उपस्थित थे।