़गाजीपुर। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने वैज्ञानिक सहायक उ.प्र. नियंत्रण बोर्ड वाराणसी को जनपद में चिह्नित पांच अवैध भट्ठों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा टीम बना कर जल्द कार्रवाई अमल में लाई जाए। वह शुक्रवार को जिला उद्योग बंधु एवं स्वरोजगार बंधु की राइफल क्लब के सभागार में बैठक का संबोधित कर दिशा निर्देश दे रहे थे। जिलाधिकारी ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजना में भौतिक लक्ष्य 30 के सापेक्ष अब तक 15 इकाइयों का ऋण प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में प्रगति सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त उद्योग तथा अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देशित किया। जिला खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में भौतिक लक्ष्य 10 के सापेक्ष 11 आवेदन स्वीकृत एवं आठ वितरित कराया गया। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत 45 लक्ष्य के सापेक्ष प्रेषित 26 आवेदनों में से बैंकों द्वारा 15 आवेदन पत्र स्वीकृत तथा वितरित हैं। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) को निर्देशित किया की बैंकवार सूची अग्रणी जिला प्रबंधक को तीन दिवस के अंदर उपलब्ध कराएं। नंदगंज में बंद पड़ी चीनी मिल का मूल्यांकन उ.प्र. चीनी मिल निगम द्वारा उपलब्ध कराया गया है। जिलाधिकारी द्वारा उद्यमियों को अपने लेटर हैड पर भूमि की मांग उपायुक्त उद्योग को प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक नगर गोपीनाथ सोनी, सीएफओ अंकुश मितल, प्रभारी उपायुक्त उद्योग अजय कुमार गुप्त, जिले के उद्यमी जैकिशुन साहू, वशिष्ठ सिंह यादव, जेपी राय, अकबर हुसैन, अशोक अग्रहरी आदि उपस्थित थे।