सादात। स्थानीय ब्लाॅक संसाधन केंद्र और चैनपुर स्थित एक कॉलेज के सभागार में अलग-अलग दो बैचों में प्राथमिक शिक्षकों का प्रशिक्षण चलाया जा रहा है। बुधवार को तीसरे दिन बुनियादी भाषा एवं गणित पर आधारित प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों ने गणित और शिक्षक संदर्शिका से संबंधित जानकारी दी। एनसीईआरटी की ओर से अधिकृत कक्षा-3 की गणित, हिंदी और सामाजिक विज्ञान की पुस्तकों के एक-एक पाठ पर चर्चा की गई। चर्चा के दौरान सामने आए कठिन बिंदुओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षक संदर्शिका का उपयोग शिक्षक कैसे करें, इसकी भी जानकारी शिक्षकों को कराई गई। शिक्षक संदर्शिका में विषयवार गतिविधि आधारित जानकारी दी गई है। शिक्षक किस पाठ को कितने दिन में, किन गतिविधियों का प्रयोग करके और कौन सा टीएलएम प्रयोग करके पढ़ाएंगे, इसका उल्लेख इसमें किया गया है। इसकी जानकारी करके शिक्षक अपने शिक्षण को प्रभावी बना सकते हैं। चर्चा के दौरान प्रशिक्षणार्थियों की तरफ से आनंद कुमार यादव, अभय श्रीवास्तव, चंदन यादव, अमृता श्रीवास्तव, मिथिलेश यादव, अर्चना सिंह और ओमप्रकाश राजभर ने कई कठिन बिंदुओं को उठाया, जिसका समाधान प्रशिक्षकों की तरफ से किया गया। प्रत्येक बैच में 55-55 प्रशिक्षणार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। 18 अगस्त से शुरु प्रशिक्षण 22 अगस्त तक चलेगा। इसमें शिक्षामित्र और सहायक अध्यापक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण देने की भूमिका अकादमिक रिसोर्स पर्सन रविंद्र प्रताप यादव, सुधीर यादव, मनोज मिश्रा और रमेश कुमार राय निभा रहे हैं।
प्रशिक्षण का आयोजन-जखनिया। ब्लाक मुख्यालय स्थित बीआरसी सभागार में बुधवार को पांच दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन हुआ। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में बच्चों के लिए एनसीईआरटी पुस्तकों में जो भी बदलाव हुए हैं, उससे अवगत कराया गया। बच्चों को उनके आसपास के पर्यावरण, खेल-खेल में गणित और भाषा की शिक्षा के लिए प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर अवनीश कुमार यादव, प्रशांत सिंह, परमानंद चौहान, शिवनाथ राम आदि मौजूद रहे। संवाद