कासिमाबाद। माता रेशमी देवी फ्री-शील्ड वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल वाराणसी और बिहार के बक्सर के बीच खेला गया। रोचक मुकाबले में बक्सर ने वाराणसी को सीधे सेटों 25-20 और 25-18 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। माता रेशमी देवी फ्री शील्ड वॉलीबॉल प्रतियोगिता 26 और 27 जनवरी की देर रात तक दूधिया रोशनी में खेली गई। इसका पहला सेमीफाइनल बक्सर और धनेठा के बीच खेला गया। इसमें बक्सर ने धनेठा को तीन सेटों 23-25, 21-9 एवं 22-20 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी ने बुजुर्गा को 25-20 और 25-18 के अंतर से हराकर फाइनल के लिए अपना स्थान सुरक्षित किया। प्रतियोगिता में कुल एक दर्जन से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया था। विजेता टीम बक्सर के कप्तान मुलायम यादव को बड़ा गांव के पूर्व प्रधान बसगीत राम ने विजेता शील्ड और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार वाराणसी के कप्तान मुकेश सिंह को उप विजेता शील्ड और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी शिवशंकर यादव ने कहा कि हार-जीत लगी रहती है। इससे कभी निराश नहीं होना चाहिए। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका में पीएन सिंह, विनोद शर्मा, राणा सिंह, शंकर राम, रविंद्र यादव उर्फ मुलायम एवं दुर्गविजय यादव एवं स्कोरर राहुल सिंह और शिवबचन राम आदि रहे। लाइन मैन के रूप में संजय राम और गोविंद रहे।