मुहम्मदाबाद। नगरपालिका परिषद मुहम्मदाबाद बोर्ड की बैठक शनिवार को पालिका के सभागार में हुई। इसमें वर्ष 2020-21 के लिए सर्वसम्मति से 46852000 लाभ का बजट स्वीकृत हुआ। बैठक में अधिशासी अधिकारी यदुनाथ ने आगामी वर्ष 2020-21 का बजट प्रस्तुत किया। जिसमें पिछले साल का अवशेष 47260000 को लेकर वर्ष की कुल अनुमानित आय 246810000 होगी। मुख्य रूप से गृहकर, करेत्तर, मकान संपति से हस्तांतरण, किराया, जल बिक्री एवं लाइसेंस शुल्क से आय 16550000 तथा सरकार से अनुदान एवं अंशदान के रूप में 17 करोड़ 50 लाख की आय का अनुमान है।
वर्ष में कुल व्यय 199958000 हजार होगा। जिसमें वेतन मद में 63808000 के अलावा प्रकाश व्यवस्था पर 97 लाख, जलकल पर 80 लाख, सफाई पर 69 लाख व्यय का अनुमान है। इस प्रकार कुल वर्ष दौरान लगभग चार करोड़ 69 लाख बचत का बजट प्रस्तुत हुआ जिसे बैठक में सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गयी। सभासदों ने अपने-अपने वार्ड में विकास कार्य, सफाई, प्रकाश एवं पेयजल की समस्या रखी जिसे तत्काल हल करने का आश्वासन दिया गया। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन शमीम अहमद ने की। इस अवसर परडा. राजकुमार रावत, राकेश यादव, पप्पू यादव, संगीता गुप्ता, हसनैन कुरैशी, शमशाद अहमद खां आदि उपस्थित थे। अंत में अधिशासी अधिकारी यदुनाथ ने आभार प्रकट किया।