गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वतंत्रता दिवस अवसर पर 11 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा महा अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। इस दौरान महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर बलिदानियों के प्रतिमा स्थलों की स्वच्छता,माल्यार्पण व सम्मान किया जाएगा। इसे लेकर बृहस्पतिवार को श्री बजरंग शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थान,बकुलियापुर में कार्यशाला आयोजित की गई। पार्टी जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला के पहले पत्रकारों से बातचीत में पार्टी के जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने कहा कि 11, 12, 13 अगस्त को प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्रा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में निकल जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता स्थानीय नागरिकों के साथ मोटरसाइकिल से हाथों में तिरंगा लेकर निकलेंगे। 12-14 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमा एवं स्मारकों के आसपास स्वच्छता का कार्यक्रम चलाया जाएगा। अमर बलिदानियों व महापुरुषों के प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनको स्मरण, कृतज्ञ, नमन किया जाएगा। 13, 14, 15 अगस्त तक प्रत्येक कार्यकर्ता जान-जान से संपर्क करके प्रत्येक घरों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर हर घर तिरंगा फहराने हेतु अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। पार्टी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका के स्मृति दिवस पर विचार गोष्ठी,मौन जुलूस के साथ विभाजन की विभिषिका से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।