कासिमाबाद। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं का धरना बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ताओं और एसडीएम लोकेश कुमार के साथ प्रभारी तहसीलदार कौशल चौरसिया के नेतृत्व में वार्ता हुई। दोनों पक्षों की आम सहमति से अधिवक्ताओं की सात सदस्यीय टीम तहसील की एक राजस्व टीम नखतपुर गांव स्थित विवादित भूमि की पैमाइश करेंगे। टीम द्वारा अभिलेख के अनुसार चकरोड को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद अगर सहमति बनती है तो शुक्रवार को अधिवक्ता हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लेंगे।धरने की अध्यक्षता कर रहे सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र तिवारी ने बताया कि एसडीएम एवं प्रभारी तहसीलदार के साथ अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल वृहस्पतिवार को प्रकरण पर वार्ता किया है। एसडीएम द्वारा एक राजस्व टीम गठित कर नखतपुर गांव जाकर अधिवक्ता की भूमि की पैमाइश करेगी। इस दौरान तहसील के अधिवक्ता संजय तिवारी, जयप्रकाश यादव, दामोदर सिंह यादव, आत्मा राम दूवे, नरेंद्र सिंह, मनीष सक्सेना, अभिषेक सिंह की सात सदस्यीय टीम भी मौजूद रहेगी। दोनों टीमों के बीच विवादित भूमि की पैमाइश की जाएगी। साथ ही जिस चक रोड को लेकर विवाद है, उसका सीमांकन किया जाएगा। इसके बाद शुक्रवार को अधिवक्ता निर्णय लेंगे कि धरना प्रदर्शन समाप्त होगा या नहीं। अधिवक्ताओं के साथ हुई वार्ता के बारे में उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में खेत और चकरोड की पैमाइश कर सीमांकन का कार्य करेगी। आशा है आम सहमति से इस प्रकरण का समाधान निकाल लिया जाएगा। इस धरना प्रदर्शन को तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय तिवारी, सेंट्रल बार एसो. के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, जय प्रकाश यादव, योगेंद्र यादव, मनोज गौतम, संतोष कुमार, रवि प्रकाश तिवारी, आलोक कुमार दुबे, विनोद कुमार सिंह ,नरेंद्र सिंह, पंकज कुमार पांडेय, कमलेश यादव आदि ने संबोधित किया।