जिले के बेसिक शिक्षा के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा के निर्देश पर अनुदेशकों का जिले के अंदर समायोजन किया जाना है। इसके लिए आवेदन शुरू हो चुका है। समायोजन का काम एनआईसी के जरिए ऑनलाइन होगा। पहले चरण की स्थानांतरण प्रक्रिया में 100 से कम बच्चों वाले उच्च प्राथमिक स्कूलों के अनुदेशकों का स्थानांतरण होगा। होने वाले आवेदन में इन्हें पांच स्कूलों का विकल्प भरना है। एनआईसी की तरफ से 15 जून तक इनके अनुबंध नवीनीकरण और स्कूल में नियुक्ति की सूची जारी की जाएगी। इसी दौरान जिला, विषय एवं विद्यालयवार रिक्तियों का विवरण आनलाइन रहेगा। पहले चरण में 48 अनुदेशकों का समायोजन होना है।
दूसरे चरण में 16 से 26 जून तक 100 से ज्यादा बच्चों वाले स्कूल के अनुदेशकों का अनुबंध नवीनीकरण और स्थानांतरण होगा। इनकी सूची 25 जून को जारी होगी। आपसी सहमति के आधार पर अनुदेशकों का स्थानांतरण तीसरे चरण में कराया जाएगा। इसके लिए 26 से 30 जून तक आवेदन और 30 जून को अनुबंध और स्थानांतरण सूची जारी होगी। जिला समन्वयक अनुपम गुप्ता ने बताया कि आवेदन करने वाले सभी अनुदेशकों का स्थानांतरण तीन चरणों में पूरा करा लिया जाएगा। जिले में 801 उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं, जहां अनुदेशकों की तैनाती की जाती है। जिले में विभिन्न विषयों खेल, कला, संगीत आदि के लिए लगभग 395 अंशकालिक अनुदेशक सेवाएं दे रहे हैं। पहले चरण में 48 अनुदेशकों का समायोजन होना है।