गाजीपुर। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय में मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर दसवें दिन भी बीएचएमएस इंटर्न अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे रहे। महाविद्यालय पहुंचे भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने सोमवार को हड़ताली प्रशिक्षुओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। दूसरी तरफ, रविवार की रात को महाविद्यालय के 12 प्रशिक्षुओं का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में आयुष छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गया हुआ है। महाविद्यालय के इंटर्न डॉ ऋषभ खरे ने बताया कि, लखनऊ के हजरगंज स्थित जीपीओ पार्क में सोमवार को मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर आयुष प्रशिक्षुओं का प्रदर्शन प्रस्तावित था। इसमें शामिल होने के लिए महाविद्यालय के ओमकार, रविंद्र, अभिषेक, चंदन गुप्ता, परिक्रमा के साथ ही 12 प्रशिक्षुओं का प्रतिनिधिमंडल रविवार को रात ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गया था। उन्होंने इस प्रदर्शन में प्रतिभाग भी किया है। शेष प्रशिक्षुओं ने महाविद्यालय में 10वें दिन भी हड़ताल पर बैठे रहे। इसी दौरान भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने महाविद्यालय पहुंचकर हमारी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि, बीएचएमएस प्रशिक्षुओं का मुद्दा हमारे और शासन के संज्ञान में है। शासन स्तर पर इसको लेकर तेजी से कार्रवाई चल रही है। उम्मीद है, कि जल्द ही इस मामले का शासन स्तर पर कोई ना कोई हल निकाल लिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने मरीजों की समस्याओं को हवाला देकर प्रशिक्षुओं से अपनी हड़ताल खत्म करने की गुजारिश की। इस मौके पर महेंद्र प्रकाश शर्मा, मनोज कुमार, खान बसिउद्दीन, देविक, सताक्षी, श्रेया आदि मौजूद रहे।