गाजीपुर: भूमि की पैमाइश करने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम पर हमला, उपनिरीक्षक सहित पांच घायल
गाजीपुर जिले में भूमि की पैमाइश करने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम पर हमला किया गया। इस घटना में उपनिरीक्षक सहित पांच घायल हो गए। पुलिस ने मामले में पुलिस ने 24 नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
विस्तार
थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल प्रशांत सिंह ने तहरीर देकर बताया कि गांव की परमिला देवी ने जिला प्रशासन के यहां भूमि संबंधित विवाद को लेकर बीते सितंबर माह में प्रार्थनापत्र दिया था।
डीएम के निर्देश पर पक्की पैमाइश के लिए मुहम्मदाबाद तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में लेखपाल प्रशांत सिंह, लेखपाल राहुल कुमार, लेखपाल श्वेता मिश्रा और लेखपाल मनीष यादव गए थे। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिकोण से नोनहरा थाने पर तैनात उपनिरीक्षक रामानंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम भी गई थी।
शाम छह बजे राजस्व टीम भूमि की पैमाइश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी चंद्रमा, राम नारायण, जगदीप सहित 54 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने हमला कर दिया। ईंट-पत्थर और रॉड के हमले से उपनिरीक्षक रामानंद सिंह सहित पांच लोग घायल हो गए।
इधर, सूचना मिलते ही बरेसर और नोनहरा थाने की पुलिस टीम गांव पहुंच गई। वहीं, हमलावर भाग गए। नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल प्रशांत सिंह की तहरीर पर चंद्रमा, रामनारायण और जगदीप सहित 24 नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही पुलिस टीम हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।