{"_id":"6939b9b1a25139bf000ec1af","slug":"428-samples-taken-in-eight-months-106-found-adulterated-ghazipur-news-c-313-1-svns1007-143618-2025-12-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghazipur News: आठ महीने में 428 नमूने लिए 106 मिले मिलावटी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghazipur News: आठ महीने में 428 नमूने लिए 106 मिले मिलावटी
विज्ञापन
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में रायफल क्लब स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की विभिन्न कार्यवाहियों की विस्तार से समीक्षा की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि विभाग ने 1 अप्रैल से 30 नवंबर के बीच जिलेभर में 1623 निरीक्षण, 408 छापेमारी और 428 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इनमें से 106 नमूने अपमिश्रित पाए गए। अपमिश्रण व अन्य अनियमितताओं के मामलों में 194 वाद न्याय निर्णायक अधिकारी/एडीएम (वि/रा) के न्यायालय तथा 20 वाद एसीजेएम न्यायालय में पंजीकृत किए गए। इनमें से 39 वादों में कुल 11 लाख 12 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। औषधि अनुभाग की रिपोर्ट के अनुसार इसी अवधि में 138 निरीक्षण किए गए तथा 136 औषधियों के नमूने जांच हेतु लिए गए। गड़बड़ियों के आधार पर 31 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित किए गए। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों के बिल, वाउचर और क्रय-विक्रय रसीदों की भी जांच की गई और उन्हें नियमों के पालन के लिए चेतावनी दी गई। नारकोटिक दवाओं के अवैध विक्रय पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने जिले में अभियान चलाया और अवैध बिक्री में संलिप्त पाए गए 6 प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। बैठक में निर्देश दिया गया कि जिले के सभी होलसेल व रिटेल मेडिकल स्टोर बिना बिल/कैश मेमो/इनवॉइस के दवाओं का क्रय-विक्रय न करें। बैठक में डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एमडीएम में उपयोग हो रहे खाद्य पदार्थों का पंजीकरण, समस्त पीडीएस केंद्रों का पंजीकरण,आंगनबाड़ी केंद्रों और भंडारण केंद्रों की खाद्य अनुज्ञप्ति,अल्कोहॉलिक बेवरेज प्रतिष्ठानों का पंजीकरण समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। बैठक में एडीएम (वि/रा)दिनेश कुमार, सीएमओ डॉ. सुनील पांडेय, एएसपी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक अग्रहरि तथा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
-- -- -- -- -- -- --
विज्ञापन