कासिमाबाद (गाजीपुर)। बलिया जिले के गड़वार थाना अंतर्गत कुरेजी चट्टी पर शनिवार की सुबह करीब सात बजे बस और डीसीएम की जोरदार टक्कर में थाना क्षेत्र के नगवां निवासी खलासी बब्बन सिंह की मौत हो गई। मौत की सूचना आते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। कई ग्रामीणों के साथ मृतक का बेटा सहित परिवार के अन्य पुलिसकर्मी बलिया के लिए रवाना हो गए।
इलाके के नगवां निवासी बब्बन सिंह (45) एक प्राइवेट बस में लंबे समय से खलासी का कार्य करते थे। बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी चट्टी पर शनिवार की सुबह करीब सात बजे वह बस के पीछे की डिक्की में किसी यात्री का सामान रख रहा था। इसी बीच पीछे से आ रही डीसीएम ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गंभीर रूप से घायल होने से उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना आते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के पुरुष कई ग्रामीणों के साथ बलिया के लिए रवाना हो गए हैं। जिसको भी बब्बन के मौत की खबर मिली उसके पैर सांत्वना देने के लिए उसके घर की तरफ बढ़ गए। पूरे दिन लोगों द्वारा शोक संवेदना व्यक्त करने का क्रम जारी रहा। शाम छह बजे तक पोस्टमार्टम के बाद बब्बन का शव घर नहीं पहुंच सका था और परिवार के साथ ही ग्रामीण आने का इंतजार करते रहे।