{"_id":"fcb4cab094de64f9f883de57ecefc6b6","slug":"gang-rape-with-student-in-up","type":"story","status":"publish","title_hn":"तीन दोस्तों ने रातभर किया गैंगरेप, छात्रा को सड़क पर फेंका ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तीन दोस्तों ने रातभर किया गैंगरेप, छात्रा को सड़क पर फेंका
गढ़मुक्तेश्वर/ब्यूरो
Updated Fri, 26 Jul 2013 12:01 AM IST
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में एडमिशन का झांसा देकर कार सवार तीन दोस्तों ने एक छात्रा को अगवा कर लिया। मेरठ ले जाकर रातभर बलात्कार किया और अगले दिन हापुड़ में सड़क पर फेंककर फरार हो गए।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद किसान पीजी कॉलेज सिंभावली के छात्रसंघ अध्यक्ष समेत तीन के खिलाफ थाना बहादुरगढ़ में एफआईआर दर्ज कराई है।
विज्ञापन
पुलिस ने एक को दबोच लिया है जबकि दो अभी भी फरार हैं। इधर मेडिकल परीक्षण में छात्रा से गैंगरेप की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार, बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव की एक छात्रा सिंभावली के किसान पीजी कॉलेज में बीए में दाखिले के लिए 23 जुलाई की सुबह को घर से निकली। थ्रीव्हीलर से सिंभावली पहुंची और पैदल ही कॉलेज की तरफ चल दी।
विज्ञापन
रास्ते में तीन युवक कार लेकर मिले, जिन्होंने दाखिला दिलाने का झांसा देकर उसे कार में बिठा लिया। छात्रा बुधवार की रात हापुड़ में गुरुद्वारे के पास बेहोश मिली। होश आने पर उसने आसपास के लोगों को आपबीती सुनाई और किसी तरह परिजनों तक सूचना पहुंची।
आनन-फानन हापुड़ पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने खुलासा किया कि जिन तीन युवकों ने दाखिला दिलाने के नाम पर उसका अपहरण किया था, उनमें वह दो को पहचानती है।
छात्रा का आरोप है कि तीनों युवक उसे मेरठ ले गए, जहां कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ रातभर गैंगरेप किया। छात्रा का कहना है कि रात बीतने के बाद आरोपी उसे फिर से कार में बैठाने लगे, जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर कपड़े भी फाड़ डाले और सड़क किनारे फेंक गए।
केस सिंभावली थाने ट्रांसफर
बहादुरगढ़ थाने के एसओ आरआर यादव का कहना है कि छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर अपहरण, मारपीट और नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कर उसे सिंभावली थाने को ट्रांसफर कर दिया गया है, क्योंकि सारा घटनास्थल सिंभावली क्षेत्र से ही जुड़ा है।
वारदात में प्रयुक्त कार नहीं मिली
भले ही बहादुरगढ़ पुलिस एक नामजद आरोपी को दबोचकर अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन छात्रा के अपहरण और उसके साथ गैंगरेप में इस्तेमाल की गई कार का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है।
ग्रामीणों में गुस्सा, थाना घेरा
अपहरण के बाद छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर गैंगरेप, विरोध पर कपड़े फाड़कर उससे मारपीट और फिर सड़क किनारे फेंकने की घिनौनी हरकत का पता लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के गांवों के काफी लोग सिंभावली में एकत्र हो गए, जिन्होंने हंगामा कर थाने का घेराव कर लिया।
लोगों का कहना था कि छात्रा के साथ घिनौनी हरकत करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए। शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर उनके घरों की कुर्की की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने किसी भी तरह की लापरवाही बरती तो फिर हाईवे को जाम कर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।