शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। सोमवार रात को एक ट्रक अचानक ओवरब्रिज पर प्रतापपुर चौराहे के समीप खराब हो गया। चालक ट्रक को साइड में खड़ा कर नीचे उतर कर चेक करने लगा, इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही डीसीएम ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी होते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक के पास मिले मोबाइल और ट्रक में रखे कागजों के आधार पर उसकी शिनाख्त राहुल शर्मा निवासी उडेटापुर कन्नौज के रूप में हुई।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि राहुल आगरा से ट्रक में सामान लेकर कानपुर के लिए जा रहा था। जब उसका ट्रक प्रतापपुर चौराहे के समीप ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी अचानक उसमें कुछ खराबी आ गई। चालक ने ट्रक को साइड में लगा दिया और नीचे उतर कर ट्रक के पहियों को चेक करने लगा।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही डीसीएम ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिया। परिजन में यहां पहुंच गए। चालक को हिरासत में लेकर डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।