दो बहनों की आई थी बरात: जयमाला से पहले हुआ कुछ ऐसा, बरातियों में चलने लगे लात-घूंसे, कुर्सियां भी बरसाईं
फिरोजाबाद में एक शादी समारोह में बराती आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते लात-घूसें चलने लगे। वह यहीं नहीं रुके एक-दूसरे पर कुर्सियां उठाकर फेंकने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में जयमाला से पहले बरातियों के बीच जमकर लात घूंसे चले। लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी। इससे मैरिज हॉल में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बवाल कर रहे बरातियों को खदेड़ा। इसके बाद मामला शांत हुआ और जयमाला का कार्यक्रम हो सका।
दोनों बरात चढ़कर मैरिज हॉल पहुंची
घटना लाइनपार थाना क्षेत्र के रामनगर मोहल्ला की है। यहां रविवार को दो सगी बहनों की बरात आई थी। एक युवती की बरात खैरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव से आई थी। जबकि, दूसरी बरात अलीगढ़ से आई थी। कार्यक्रम मोहल्ला स्थित एक मैरिज हॉल में था। दोनों बरात चढ़कर मैरिज हॉल पहुंची।
यहां वरमाला की तैयारी चल रही थी। तभी दोनों बरातों में आए बराती किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। वहां मौजूद लोगों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन, वह शांत नहीं हुए। देखते ही देखते बरातियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकना शुरू कर दिया।
हंगामें के बीच जयमाला का कार्यक्रम रुक गया
मारपीट से शादी समारोह में अफरातफरी का माहौल हो गया। जयमाला का कार्यक्रम रुक गया। मैरिज हॉल पुलिस चौकी के पास ही था। सूचना पर लाइनपार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी करने के साथ ही बरातियों को वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद शादी की रस्में पूरी हो सकी।
पुलिस ने बरातियों को शांत कराया गया
थानाध्यक्ष अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि दो बहनों की शादी थी। एक की बरात अलीगढ़ और दूसरी की बरात खैरगढ़ क्षेत्र के एक गांव से आई थी। दोनों बरातों के बराती आपस में ही भिड़ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बरातियों को शांत कराया गया।