फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Firozabad News ›   The foundation plans to 875 million, the release

875 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास, लोकार्पण

Fri, 06 May 2016 11:17 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो फीरोजाबाद
अमर उजाला ब्यूरो फीरोजाबाद Updated Fri, 06 May 2016 11:17 PM IST
विज्ञापन
The foundation plans to 875 million, the release
875 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास, लोकार्पण - फोटो : अमर उजाला
 सूबे के मुखिया अखिलेश यादव ने सुहागनगरी को दिल खोलकर सौगातें बांटी। करोड़ों रुपये की योजनाएं जनता को सौंपी तो कई करोड़ का वादा कर गए। कई बड़े बजट की योजनाओं का भी वादा किया। जनसभा कर सरकार की योजनाओं का प्रचार किया तो एक्सप्रेस वे की ब्रांडिंग नहीं भूले। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कार्यकर्ताओं की सराहना भी की।
विज्ञापन

 शुक्रवार को सुबह ग्यारह बजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हेलीकाप्टर पुलिस लाइन पहुंचा। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया। सांसद अक्षय यादव के साथ मुख्यमंत्री ने 46 विकास कार्यों का लोकार्पण बटन दबाकर किया। इसमें उन्होंने आठ अरब की 28 परियोजनाओं का शिलान्यास और 73.13 करोड़ के 46 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। 900 श्रमिकों को चमचमाती साइकिलें मिलीं तो दो हजार समाजवादी पेंशन के पात्रों को बैंक की पासबुक थमाई गई। ओडीएफ हुए 40 गांवों के प्रधान एवं निगरानी समिति को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। सदर तहसील को आईएसओ का प्रमाणपत्र खुद सीएम ने एसडीएम सदर रवींद्र मांदड़ को प्रदान किया।
विज्ञापन

 मिनी कामधेनु योजना के तीन पात्रों को स्वीकृत ऋण के प्रमाणपत्र दिए। लोहिया ग्रामीण आवास योजना के पांच पात्रों को द्वितीय किश्त प्रदान की। जेएस विश्वविद्यालय और डीपीएस शिकोहाबाद का लोकार्पण भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर केंद्र सरकार रही। सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार देश की सबसे बड़ी सड़क बना रही है। आगरा-लखनऊ ग्रीन एक्सप्रेस वे को बलिया-गाजीपुर तक जोड़ने की तैयारी है। इसके किनारे मंडियां विकसित होंगी, किसानों का माल सीधे बड़े बाजार तक पहुंचेगा। सरकार श्रमिकों को साइकिल, युवाओं को लैपटॉप वितरण व किसानों को सिंचाई के लिए पानी दे रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह एंबुलेंस समय पर पहुंचती है ऐसे ही भविष्य में 100 डायल पर पुलिस 15 मिनट में पहुंचेगी। यह प्रणाली जुलाई तक शुरू करने की बात कही।
विज्ञापन
विज्ञापन

 सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रामजीलाल सुमन ने अखिलेश यादव को देश का बेहतर मुख्यमंत्री बताया। हिदायत दी कि पार्टी के वह कार्यकर्ता वफादार नहीं हैं तो लखनऊ तक पहुंचते हैं। सांसद अक्षय यादव ने जिले के विकास कार्य कराने के साथ ही हिरनगांव में हवाईअड्डा बनाने के प्रति सरकार की गंभीरता को बताया। सिरसागंज विधायक हरिओम यादव, जसराना विधायक रामवीर सिंह यादव, शिकोहाबाद के विधायक ओमप्रकाश वर्मा, एमएलसी उदयवीर सिंह धाकरे, परिवहन राज्यमंत्री प्रवेंद्र यादव लला, जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव, रामसेवक यादव, जेएस विवि के कुलाधिपति डा.सुकेश यादव ने विचार व्यक्त किए। मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर, डीएम निधि केसरवानी, डीआईजी अजय मोहन शर्मा, एसएसपी अशोक कुमार व  सीडीओ कर्मेंद्र सिंह, पीडी डीआरडीए सर्वेशचंद्र यादव, डीडीओ आरके राम, एसडीएम शिकोहाबाद चंद्रभानु सिंह ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। सपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी डा. दिलीप यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन लखनऊ की शिखा द्विवेदी ने किया।

अचेत हो गई थी आशा
सभा प्रांगण में नारेबाजी करते हुए मदनपुर ब्लाक के गांव शहरनायन निवासी आशा रानीदेवी अचेत हो गईं। उनके अचेत होते ही कई आशाएं उन्हें संभालने में जुट गईं। महिला पुलिस कर्मियों ने पानी डालकर उन्हें होश में लाया। इसके बाद नारेबाजी शांत हुई।

सीएम के काफिले से हादसा होते बचा
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के काफिले से हादसा होते बच गया। धक्का-मुक्की के दौरान गुदाऊं निवासी युवक धर्मवीर यादव अचानक सीएम के काफिले के आगे जा गिरा। काफिले में शामिल गाड़ियों के चालक ब्रेक नहीं लगाते तो हादसा हो सकता था। युवक को तुरंत ही हटा लिया।

 जिला पंचायत अध्यक्ष पर मेहरबान रहे सीएम
 फीरोजाबाद। अखिलेश यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह यादव द्वारा दिए गए हर प्रस्ताव पर स्वीकृति दी। जिले को उच्चस्तरीय शापिंग माल देने का वादा करते हुए कहा कि जिला पंचायत के लिए शिकोहाबाद में सरकार अपने बजट से निर्माण कराएगी। इसके अलावा डाक बंगला समेत अन्य योजनाएं देकर फीरोजाबाद को विकास के पथ पर ले जाएंगे। उन्होंने विजय से जिले की राजनीति और विकास कार्यों का हाल भी पूछा। सीएम ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर पीठ थपथपाते हुए कहा कि युवा हो और आगे जाना है। जो जिम्मेदारी मिली है बखूबी निभाओ। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में सब ठीक है, पिछली जनसभा में समझने में फेर हुआ तो कुछ भ्रामक सूचनाएं इधर उधर हो गई थीं।

टोलियों के रूप में पहुंचे कार्यकर्ता

फीरोजाबाद (ब्यूरो)। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सपाई टोलियों के रूप में पहुंचे। अनुजेश प्रताप सिंह यादव, मीना राजपूत, शमशाद बाबा, शहर अध्यक्ष हाशिम मंसूरी, टूंडला प्रत्याशी महाराज सिंह धनगर, आगरा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक झाऊलाल यादव, यादव महासभा के जिलाध्यक्ष भूरी सिंह यादव, राजकुमार राठौर, पूर्व विधायक मोहनदेव शंखवार, अमोल यादव, राम प्रताप सिंह गुर्जर, रामवीर सिंह यादव, कल्लू गुर्जर, योगेश प्रताप बघेल, बंटू कठेरिया समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पर पहुंचे।  सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां के नेतृत्व में 362 साइकिलों व 287 मोटर साइकिलों के माध्यम से समर्थक पहुंचे। सपा नेता अरुण जैन, नीतेश अग्रवाल जैन, सुशील यादव गुरु, राम मोहन उर्फ पिंकी यादव, रजा अली, व्यापार सभा जिलाध्यक्ष  नितिन वर्मा, सिरसागंज क्षेत्र से ग्या प्रसाद सोमेश, सीताराम शर्मा, सरोज शर्मा, जसराना चेयरमैन राघवेंद्र सिंह नागर, अंशुल विक्रम सिंह के साथ जिले भर के सपाई मौजूद थे।
 
स्वागत गीत के साथ रंगारंग कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान छोटे मंच पर ब्रजराज सिंह कालेज की छात्राओं ने स्वागत गीत गाया। इसके साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत ओरे चिरैय्या, नन्हीं सी चिड़िया, फिर अंगना में......। मंचीय प्रस्तुति को हर किसी ने सराहा।  

हैलीपैड पर दी गई सलामी
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हैलीकाप्टर से उतरते ही मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर, आईजी डीसी मिश्र, डीआईजी अजय मोहन शर्मा, डीएम निधि केसरवानी, एसएसपी अशोक कुमार ने अगवानी की। वहीं हैलीपैड पर तैनात गारद ने सीएम को सलामी दी। वहीं पुलिस लाइन गेट से सपा नेताओं तक को बैरंग लौटा दिया। विधायकों की गाड़ियों तक को चेक किया गया। एक महिला नेत्री के पास पास था। वह कई महिलाओं को अंदर ले गईं। लेकिन मैटल डिटेक्टर पर तैनात एसओ टूंडला राजीव यादव ने रोक दिया।


मौसम ने भी दिया साथ
सीएम के कार्यक्रम के दौरान मौसम ने भी काफी हद तक साथ दिया। गुरुवार रात्रि में हल्की बारिश हो जाने के कारण जहां धूल  कम उड़ी। वहीं सुबह से मौसम ठंडा होने के कारण लाभार्थियों एवं सपाइयों को गर्मी ने परेशान नहीं किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed