UP News: बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख कांप गई लोगों की रूह; महज इतनी थी बात
सुहागनगरी में बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट देख लोगों की रूह कांप गई। महज खाना खाने को लेकर विवाद हुआ था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में कलयुगी बेटे ने खाने की बात पर मां को पीट-पीटकर मार डाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। इतनी बेरहमी से मारा गया था कि कोई सोच भी नहीं सकता था। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
घटना दक्षिण थाना क्षेत्र के करबला मोहल्ला के गली नंबर नौ की है। यहां की निवासी रामकली (60) अपने बेटे राजू के साथ रहती थीं। उनका बेटा मेहनत मजदूरी करता था। पड़ोसियों की मानें तो शनिवार सुबह करीब छह बजे राजू ने खाने की बात को लेकर अपनी वृद्ध मां (रामकली) को पीटना शुरू कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की पसली टूटने के अलावा अन्य अंदरूनी चोटों से मौत होने की पुष्टि हुई है। थाना प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह ने बताया कि वृद्धा के शरीर पर कहीं भी कोई चोट नहीं है। पोस्टमार्टम के बाद शव वृद्धा के दामाद और भाई को सौंप दिया है। इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।