Fire In Firozabad: प्रसाद बनाते समय सिलिंडर लीक से लग गई आग, मासूम सहित छह लोग झुलसे, लाखों का सामान जलकर राख
फिरोजाबाद में प्रसाद बनाते समय अचानक गैस सिलिंडर लीक हो गया। आग की चपेट में आने से मासूम सहित छह लोग बुरी तरह झुलस गए। इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी को आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया गया। फायर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में प्रसाद बनाते समय गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। चपेट में आने से मासूम सहित छह लोग बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची फायर विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। तब तक लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
हादसा दक्षिण थाना क्षेत्र के करबला मोहल्ला में हुआ। रविवार दोपहर करीब 12 बजे यहां के निवासी दिनेशचंद्र के घर की तीसरी मंजिल पर प्रसाद बन रहा था। गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। आग लगते ही वहां चीख पुकार मच गई। आग बुझाने का प्रयास करते हुए फायर विभाग को सूचना दी। इस बीच वर्षा (19), अराध्य (4), मोहिनी (30), प्रदीप (32) और प्रदीप की बुआ मनोज देवी (55) व सुनील (27) गंभीर रूप से झुलस गए।
सीओ भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे
झुलसे लोगों को लेकर परिजन ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यहां उनकी हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया गया। आग लगने की सूचना पर फायर विभाग की तीन गाड़ियों मौके पर पहुंची। फायर विभाग के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया। इस दौरान मकान में रखा सारा सामान और रसोई में रखे बर्तन भी जल गए। मकान मालिक ने हादसे में करीब पांच लाख के नुकसान की बात कही है। आग की सूचना पर सीओ सिटी कमलेश कुमार, कोतवाल दक्षिण राजेश पांडेय, कोतवाल उत्तर नरेंद्र कुमार शर्मा के साथ अन्य थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया।
अतिक्रमण और संकरे रास्ते से निकलने में हुई दिक्कत
घटनास्थल तक पहुंचने के लिए फायर विभाग के कर्मचारियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। रास्ता साफ होता तो फायर विभाग के कर्मचारी दमकल के साथ जल्दी मौके पर पहुंच जाते। जल्दी आग पर काबू पा लेते तो इतना नुकसान नहीं होता। संकरा रास्ता और अतिक्रमण के कारण दमकल गाड़ियों को निकलकर मौके पर पहुंचने में काफी समय लग गया।