Firozabad: एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पार कर देते थे पैसे, अब जेल में कटेंगे दिन
फिरोजाबाद में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे पार करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो मोबाइल फोन, 11 हजार पांच सौ रुपये और चार डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डेबिट कार्ड बदलकर एटीएम से रुपये निकालने वाले दो बदमाशों को रसूलपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास से पुलिस ने चार डेबिट कार्ड और 11 हजार रुपये बरामद किए हैं। बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई कर पुलिस ने जेल भेजा दिया। थानाध्यक्ष कमलेश सिंह ने बताया कि राठौर नगर के रहने वाले रामप्रकाश राठौर का एटीएम को बदलकर बदमाशों ने उनके खाते से 80 हजार रुपये निकाले थे।
बरी चौराहा के पास से बदमाश गिरफ्तार
पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर फतेहाबाद रोड बरी चौराहा के पास से दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए बदमाश कृष्णा व सोनू उर्फ पवन कुमार है। कृष्णा और सोनू गांव बरकतपुर रसूलपुर का रहने वाले है। बदमाशों के पास से दो मोबाइल फोन, 11 हजार पांच सौ रुपये और चार डेबिट कार्ड बरामद किए गए।
राहगीर के पर्स से पार किए थे डेबिट कार्ड
पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा बरामद किए गए मोबाइल फोन एक माह पहले बस स्टैंड के पास से चोरी किए थे। डेबिट कार्ड बदमाशों ने एक राहगीर के पर्स से पार किए थे। जिनके नंबर मिटा दिए। एटीएम के पास खड़े होकर ऐसे व्यक्ति की तलाश करते थे, जो कार्ड से रुपये निकालने की कम जानकारी रखता हो। उसकी मदद के नाम पर पासवर्ड पता करने के साथ ही कार्ड बदलकर उसके खाते से रुपये निकाल लिया करते थे।