टूंडला। रेल प्रशासन ने क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति सदस्य की मांग पर नारायणपुर बाजार से दादरी तक जाने वाली ट्रेन का विस्तार कर शकूरबस्ती तक चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के शकूरबस्ती तक जाने पर दिल्ली की ओर जाने वाले रेलयात्रियों को खासा लाभ मिलेगा।
परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने बताया कि ट्रेन नंबर 04163 नारायणपुर बाजार-दादरी विशेष ट्रेन दादरी तक संचालित की जाती थी। उन्होंने प्रयागराज के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह को पत्र भेजकर इस ट्रेन का संचालन शकूरबस्ती तक चलाए जाने के लिए विस्तार की मांग की थी। पत्र पर संज्ञान लेते हुए महाप्रबंधक ने इस ट्रेन का नारायणपुर बाजार से शकूरबस्ती तक चलाए जाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन नारायणपुर बाजार से 17 अक्तूबर शाम छह बजे चलेगी। जो चुनार, मिर्जापुर, मेजारोड, प्रयागराज, भरवारी, सिराथू, फतेहपुर, बिंदकी रोड, कानपुर सेंट्रल, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद होकर अगले दिन तड़के 4:05 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। जो पांच मिनट ठहराव के बाद हाथरस, अलीगढ़ जंक्शन, खुर्जा, दादरी, गाजियाबाद, नई दिल्ली होकर सुबह 10:05 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन नंबर 04164 शकूरबस्ती-नारायणपुर बाजार विशेष ट्रेन शकूरबस्ती से देर शाम साढ़े नौ बजे चलेगी। जो इसी क्रम में होकर अगले दिन मध्यरात्रि 2:15 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। पांच मिनट ठहराव के बाद नारायणपुर बाजार के लिए रवाना हो जाएगी। इस ट्रेन के विस्तार से टूंडला व आस-पास के लोगों को खासा लाभ मिलेगा।