जसराना। थाना पुलिस ने सलेमपुर खुटियाना गांव स्थित एक बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का बृहस्पतिवार को खुलासा किया है। घटना में शामिल गांव के ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही से सोने-चांदी के आभूषण और 1.86 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
सीओ जसराना प्रेमप्रकाश पांडेय ने बताया कि पीड़ित अंकित उपाध्याय का परिवार आगरा में रहता है, जबकि उनके बुजुर्ग दादा-दादी गांव वाले मकान में रहते हैं। गत 3 सितंबर को तबीयत बिगड़ने पर दादा प्रभाषचंद्र को आगरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मकान खाली होने पर देखभाल के लिए रिश्तेदार महेश चंद्र रात में वहां रुकते थे। 7 सितंबर की रात जब महेश चंद्र पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला और अलमारी से नकदी-जेवर गायब थे। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें गांव के ही शिवा उर्फ छोटू की भूमिका संदिग्ध पाई गई। शिवा को घर के खाली होने और सामान की पूरी जानकारी थी। उसने अपने साथी पंकज और संजय के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सलेमपुर-पटीकरा नहर पुल मार्ग से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से तीन सोने की अंगूठियां, एक लॉकेट, चांदी का कमरबंद और चोरी की रकम बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उनको जेल भेज दिया है।