फिरोजाबाद। क्षेत्र पंचायत की बैठक में प्रधान का फोन सचिवों की ओर से न सुने जाने पर ब्लाॅक प्रमुख डाॅ. लक्ष्मीनारायन यादव ने नाराजगी जाहिर की। कहा, ऐसे सचिवों के खिलाफ कार्रवाई को सीडीओ एवं जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाए। मनमाने ढंग से काटे गए राशनकार्ड की सूची सभी प्रधानों को मुहैया कराई जाए।
सदर ब्लाक में ब्लाक प्रमुख डाॅ. लक्ष्मीनारायन यादव की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधान की ओर से सचिवों के द्वारा फोन को रिसीव नहीं किए जाने की शिकायत की। इसके साथ कुछ बीडीसी सदस्यों का मानदेय का भुगतान नहीं होने का मामला संज्ञान में आया। ब्लाॅक प्रमुख ने साफ कहा कि ऐसे सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रधान एवं बीडीसी सदस्य के सम्मान के साथ ऐसा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बिना भेदभाव के विकास कार्य कराने का भरोसा दिया। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि पात्र ग्रहस्थी कार्डों के मनमाने ढंग से काट दिया गया। सुविधा संपन्न के बजाय कई गरीबों के कार्ड काट दिए गए। इनकी सूची प्रधानों को दी जाए। एसआईआर के नाम पर मनमाने ढंग से डुप्लीकेट वोट दर्शाने तथा मनरेगा योजना में श्रमिकों का भुगतान किए जाने की मांग रखी। प्रधान निहारिका वर्मा ने कहा कि प्रधानों की बात को प्रमुखता से सुननी चाहिए। बीडीओ नवीन कुमार ने कहा कि ऐसे सचिवों का चिह्नांकन किया जाएगा। मनरेगा योजना में निरंतर भुगतान किया जा रहा है। नाम बदलने के बाद तो 125 दिन का काम मिलेगा। इसमें पारदर्शिता आएगी। संचालन प्रभारी बीडीओ जितेंद्र यादव ने किया। इस दौरान ओपी यादव, शैलेंद्र शुक्ला, एडीओ पंचायत सुनील यादव, एडीओ समाज कल्याण रोबिन यादव, जेई सुरेशचंद्र, हाजी मुनीर अहमद शामिल थे।