Firozabad: फंदे पर लटकता मिला डीएलएड छात्र का शव, किराए के मकान पर रहता था, एक दिन पहले ही घर से लौटा था
फिरोजाबाद में डीएलएड छात्र का शव कमरे में फंदे पर लटकता मिला। मकान मालिक ने देखा तो उनकी चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में उत्तर थाना क्षेत्र में झील की पुलिया के पास किराए के मकान में रह रहे एक डीएलएड छात्र का शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। पुलिस ने मकान मालिक व परिजन से बात करके जानकारी ली है। मामले की जांच कर रही है।
द्वितीय वर्ष का छात्र था
बेलनगंज थाना क्षेत्र के रिजावली नगला अमान निवासी गौरव कुमार (22 वर्ष) राजकीय शिक्षा प्रशिक्षण केंद्र पर डीएलएड द्वितीय वर्ष का छात्र था। वर्तमान में वह गुप्ता लोहे वालों के मकान में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार दोपहर को गौरव ने कमरे की छत पर पंखा टांगने वाले कुंदे से फंदे पर लटक गया। काफी देर तक जब गौरव कमरे से बाहर नहीं निकला तो मकान मालिक को चिंता हुई। कमरे में लगी खिड़की से झांक देखा तो दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई।
एक दिन पहले ही राशन लेकर घर से लौटा था
मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। खबर पाकर जिला अस्पताल आए मौसेरे भाई देवेंद्र ने बताया कि मृतक कल ही शाम को अपने घर से लौटा था। घर से राशन आदि भी लाया था। क्राइम इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने बताया कि डीएलएड छात्र की मौत के मामले की गहनता से जांच की जा रही है।