फिरोजाबाद/टूंडला। टूंडला क्षेत्र के युवक में आगरा में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग आगरा की जानकारी पर सीएमओ फिरोजाबाद ने तत्काल युवक के टूंडला स्थित गांव में टीम भेजी। कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए पत्नी, बच्चे सहित परिवार के पांच लोगों के जांच के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद लाया गया। रिपोर्ट आने तक युवक के परिजनों को मेडिकल कॉलेज में ही क्वारंटीन रखा जाएगा। इधर, सुरक्षा की दृष्टि से युवक के घर को सैनिटाइज कराया गया।
आगरा में संचालित एक हॉस्पिटल में टूंडला क्षेत्र के गांव प्रतापपुर निवासी युवक कर्मचारी है। वह आगरा स्थित हॉस्पिटल में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया था। स्वास्थ्य विभाग आगरा ने युवक को छह अप्रैल को गांव प्रतापपुर से आगरा बुलाकर सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। बृहस्पतिवार को युवक में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। इस पर आगरा के स्वास्थ्य विभाग ने सीएमओ फिरोजाबाद को युवक के कोरोना संक्रमित होने की सूचना दी। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव प्रतापपुर में पहुंचकर सैनिटाइजेशन कराया। वहीं युवक के संपर्क में आए मां, पत्नी और तीन बच्चों को मेडिकल कॉलेज लाया गया है। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार कराई जा रही है।