फिरोजाबाद। कोरोना महामारी की वजह से 35 दिन के लॉकडाउन के दौरान महिला संगठनों के कार्यक्रमों पर रोक लग गई है। घर पर बैठे-बैठे कैसे मनोरंजन किया जाए, इसका उपाय जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद महिला शक्ति ने निकाला है। जायंट्स ग्रुप महिला शक्ति ने ऑनलाइन कुकिंग कंप्टीशन का आयोजन कराया। रसोई कुकिंग कंप्टीशन में महिला शक्ति की 35 सदस्यों ने प्रतिभाग किया। सदस्याओं को अपनी पाक शैली दिखाते हुए एक वीडियो और फोटो क्लब के बने व्हाट्सएप ग्रुप पर डालनी थी। सभी सदस्याओं ने अलग-अलग तरह की मीठे पकवान बनाए और उसे बनाते हुए की वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड की।
कंप्टीशन का निर्णय निर्णायक मंडल में शामिल ग्रुप की अध्यक्ष अनु बंसल, प्रशासनिक निदेशिका सीमा अग्रवाल, रितु रानीवाला ने विभिन्न बिंदुओं के आधार पर लिया। मिष्ठान पाक कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मैंगो कुल्फी फालूदा बनाने वाली अंजू बंसल को प्राप्त हुआ। दूसरे स्थान पर मलाई चाप बनाने वाली दीपा अग्रवाल और तीसरे स्थान पर मलाई पूड़ी तैयार करनी वाली रश्मी अग्रवाल को मिला। सांत्वना पुरस्कार में सरिता गुप्ता, प्राची अग्रवाल और अल्का जैन रहीं। जिन्होंने क्रमश: काजू बर्फी, कोकोनट गुलकंद डिलाइट और काशीफल की बर्फी बनाई। ग्रुप अध्यक्ष अनु बंसल ने बताया कि विजेताओं को लॉकडाउन के बाद सम्मानित किया जाएगा।