फतेहपुर में डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने 19 अक्तूबर से खुलने जा रहे माध्यमिक स्कूलों की तैयारियों का निरीक्षण कराया। निरीक्षण में 16 माध्यमिक स्कूलों में थर्मल स्कैनर और तीन में सैनिटाइजर मशीन नहीं मिली। डीआईओएस ने शनिवार की दोपहर तक सभी स्कूलों को मानक के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक विद्यालयों में 19 अक्तूबर से दो शिफ्टों में कक्षाएं चलाई जानी हैं। शासन ने कोरोना से बचाव के संसाधन सभी स्कूलों को जुटाने के निर्देश दिए हैं। संसाधनों में थर्मल स्कैनर, सैनिटाइजर, सैनिटाइजेशन मशीन, कक्षों के बाहर गोले, छह फीट के फासले पर सिटिंग व्यवस्था, मास्क शामिल है। डीआईओएस ने 34 नोडल अफसरों की अगुवाई में 403 माध्यमिक विद्यालयों में निरीक्षण कराया तो पोल खुली।