{"_id":"551b183d9c542d268ed570febbf9cb50","slug":"man-was-electrocuted-people-road-jam-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"करंट से युवक की मौत, लगाया जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
करंट से युवक की मौत, लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहपुर
Updated Thu, 09 Jul 2015 12:21 AM IST
विज्ञापन
क्षेत्र के रक्षपालपुर चौराहे पर एचटी के करंट से युवक की मौत हो गई। युवक फल बेच कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने धाता-विजयीपुर रोड पर शव रखकरजाम लगा दिया। आक्रोशित किसान उपकेंद्र के जेई पर कार्रवाई व मृतक के परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग पर अड़े थे। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किसान मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर किसान शांत हुए। लगभग चार घंटे तक लगे जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। अमन-चैन बनाए रखने के लिए चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है।
विज्ञापन
दरियामऊ गांव निवासी मोतीलाल सोनकर का पुत्र कैलाश (30) उर्फ विजय रक्षपालपुर चौराहे पर टीन शेड के नीचे फल की दुकान लगाया था। हर रोज की तरह सुबह गांव से वह ठेलिया में फल लादकर दुकान लगाने गया था। दुकान के पास लगे एचटी लाइन के पोल में करंट प्रवाहित था। पोल से जुड़े टीन शेड में भी करंट दौड़ गया। मृतक ठेलिया खड़ी कर पोल पकड़ लिया, जिससे करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौत होते ही आस-पास काफी भीड़ लग गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर गए। मौत से बिजली विभाग के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शव को गांव लाकर रोड पर रख दिया। जाम लगाने के लिए रोड पर लकड़ियां भी रख दी, जिससे रोड ब्लाक हो गया। लोग बिजली विभाग के खिलाफ नारे लगाने लगे। सड़क जाम और बवाल की सूचना मिलते ही एसडीएम बलराम सिंह, सीओ निवेश कटियार खागा, धाता, खखरेरु, किशनपुर थानों का पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीण मौके पर डीएम के आने की जिद पर अड़े रहे। एसडीएम बलराम सिंह ने बिजली विभाग से एक लाख रुपयों का मुआवजा, कृषक बीमा दुर्घटना से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे ग्रामीणों का गुस्सा शांत हो गया और समझाने के बाद जाम हटाया। एसडीएम ने बताया कि मृतक के परिजनों को सीएम विवेकाधीन कोष से सहायता दिलवाने के लिए लिखा जाएगा।
विज्ञापन