कन्नौज से लापता फतेहपुर के किशोर का शव मिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खागा (फतेहपुर)। छह दिन से लापता 15 साल के किशोर का शव सोमवार सुबह खागा कस्बे की एक दुकान के बाहर मिला। शव के पास ही मिठाई का डिब्बा पड़ा था। उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहा था। इस कारण जहर से मौत की आशंका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण साफ हो सकेगा। सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र के कटरा मजरे अल्लीपुर भादर के रहने वाले लल्लू अपने बेटे महेंद्र के साथ कन्नौज में मेड़बंदी करने गए थे। वहीं किसी बात पर पिता की डांट से क्षुब्ध महेंद्र कहीं चला गया था। सोमवार सुबह दावतपुर निवासी नफीसुल हसन की खाली पड़ी दुकान की गैलरी में उसका शव मिला।
जेब से 130 रुपये मिले। गांववालों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमर उजाला प्रतिनिधि ने मोबाइल कैमरे से बच्चे की फोटो ले ली थी। इधर किशोर की तलाश में भटक रहे उसके रिश्तेदार की संवाददाता से भेंट हो गई। रिश्तेदार से बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलने पर जब संवाददाता ने उसे मोबाइल पर फोटो दिखाई तो महेंद्र के रूप में शिनाख्त कर ली। मौके पर पहुंचे लल्लू सिंह ने बताया कि जब महेंद्र गया था तो उसके पास 330 रुपये थे। वे यह सोचकर पुलिस को सूचना दिए बिना चले आए कि महेंद्र शायद घर पहुंच गया होगा। यहां भी महेंद्र के न मिलने पर वे लोग उसकी तलाश में जुटे थे। वह समझ नहीं पा रहे हैं कि बेटे ने जहर खाया और किसी ने उसे मार डाला। थानेदार अंजनी राय ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से काफी हद तक तस्वीर साफ हो जाएगी।