{"_id":"8b8f01259daaa6ded721855e933615c7","slug":"another-death-from-fever-panic-in-village-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुखार से एक और मौत. गांव में दहशत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुखार से एक और मौत. गांव में दहशत
ब्यूरो अमर उजाला, फतेहपुर
Updated Thu, 22 Oct 2015 12:40 AM IST
विज्ञापन
नोनारा गांव में मंगलवार रात विचित्र बुखार से एक और मौत होने से दहशत फैल गई। इस मौत से यह आंकड़ा 12 पर पहुंच गया है। ग्रामीणों में इसे लेकर चिंता बढ़ गई है। कुछ दिनों से स्वास्थ्य विभाग मौत पर लगाम लगने का दावा कर रहा था।
विज्ञापन
विचित्र बुखार से नोनारा गांव लहुरीसराय ज्यादा प्रभावित हैं, यहां एक के बाद एक लगातार मौत से गांव में दहशत फैल गई थी। डीएम, सीएमओ का दौरा होने और स्वास्थ्य विभाग की टीम के गांव में ही रुककर इलाज करने से लोगों ने राहत महसूस की।
विज्ञापन
मंगलवार रात मनोज उत्तम की 11 साल की बेटी पलक की मौत ने सभी में फिर से दहशत पैदा कर दी। पलक को आठ दिन पहले बुखार आया था। तीन चार दिन बाद हालत सुधर गई तो परिजनों ने राहत की सांस ली थी।
विज्ञापन
मंगलवार देर शाम पलक को तेज बुखार आने पर परिजन उसे नोनारा में 24 घंटे लगाई गई स्वास्थ्य टीम के पास लेकर पहुंचे, यहां पर किशोरी की हालत गंभीर देख करके डॉक्टरों ने उसे कानपुर के उर्सला के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में नब्ज थम गई।
अमौली सीएचसी के अधीक्षक डॉ. विमल चौरसिया ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को अलर्ट कर दिया है। ग्रामीणों को चाहिए कि जरा सी तकलीफ होने पर गांव में कैंप कर रही स्वास्थ्य टीम से संपर्क करें ताकि समय रहते बीमारी पर नियंत्रण करने पर काम हो सके।
इलाज करते डेंगू की चपेट में आए डॉक्टर - अमौली। बुखार से कराहते नोनारा गांव में महीने भर से स्वास्थ्य टीम के साथ कैंप कर रहे अमौली सीएचसी के डॉ. विपुल शुक्ला भी डेंगू की चपेट में आ गए। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. विमल चौरसिया ने बताया कि विपुल बीमार पड़ने पर तीन दिन पहले छुट्टी लेकर कानपुर गए थे, जहां चेकअप पर उन्हें डेंगू की पुष्टि हुई।
बुधवार उर्सला के लिए छह रेफर - अमौली। बुखार ग्रसित नोनारा व लहुरी सराय से बुधवार को छह मरीज कानपुर के उर्सला को रेफर किए गए।
नोनारा में कैंप कर रही स्वास्थ्य टीम ने दर्जन भर मरीज देखे, जिसमें से जयश्री पत्नी धनीराम व जनाब पत्नी मोहम्मद छोटे को नाजुक हालत में रेफर कर दिया। इसके अलावा लहुरी सराय गांव में स्वास्थ्य टीम ने छह ओपीडी की, जिसमें से कंचन, सरला, बालकृष्ण व संतोष को रेफर किया है।