{"_id":"e146921af738589f0410ab35c3dff6de","slug":"shootout-between-isolated-incidents-and-65-45-percent-voting-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"गोलीबारी और छिटपुट घटनाओं के बीच 65.45 फीसदी मतदान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गोलीबारी और छिटपुट घटनाओं के बीच 65.45 फीसदी मतदान
ब्यूरो अमर उजाला फर्रुखाबाद।
Updated Sat, 10 Oct 2015 12:53 AM IST
विज्ञापन
हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच शुक्रवार को बढ़पुर और कमालगंज विकास खंडों में पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया। दोनों ब्लाकों में जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1661 उम्मीदवारों की किस्मत पेटी में बंद हो गई। जिले के दोनों ब्लाकों में 65.45 फीसदी वोट पड़े। कमालगंज में 64.76 व बढ़पुर में 66.14 फीसदी वोट पड़े।
विज्ञापन
इधर फर्जी मतदान को लेकर कई जगह पुलिस ने लाठियां भांजी। मारपीट में सिपाही चुटहिल हो गया। वहीं वसेली में एक घंटे मतदान ठप रहा।
बढ़पुर विकास खंड में जिला पंचायत सदस्य की तीन सीटों पर 76 व क्षेत्र पंचायत सदस्य की 82 सीटों पर 610 उम्मीदवार मैदान में हैं।
वहीं कमालगंज विकास खंड में जिला पंचायत सदस्य की छह सीटों के लिए 81 व क्षेत्र पंचायत सदस्य की 139 सीटों के लिए 894 उम्मीदवार किस्मत अजमा रहे हैं। इन सीटों के लिए सुबह सात से सायं पांच बजे तक मतदान कराया गया।
विज्ञापन
डीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, एसपी दिनेश कुमार पी, एडीएम मनोज सिंघल, एएसपी आरबी चौरसिया, सीडीओ एसएन शुक्ल दौरा करते रहे। देर रात तक मतपेटियां जमा होती रहीं।
विज्ञापन
फर्जी वोटिंग से मना करने पर युवक को मारी गोली- फर्रुखाबाद। कमालगंज विकास खंड के मीरपुर में फर्जी मतदान को लेकर दो पक्ष आमने- सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के साथ पथराव होने लगा।
इस दौरान एक पक्ष ने पुलिस की मौजूदगी में फायरिंग कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। गोलीबारी में बीडीसी सदस्य का परिवारी भाई घायल हो गया। पथराव में घायल का भतीजा और बीडीसी सदस्य भी जख्मी हो गए। गोली से घायल को लोहिया अस्पताल से हायर सेंटर रिफर कर दिया गया।
सूचना पर आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है। तनाव को देखते हुए यहां पर अतिरिक्त फोर्स लगा दिया गया।
थाना जहानगंज के गांव मीरपुर निवासी शिवराज यादव के परिवारी भाई रमेश यादव बीडीसी का चुनाव लड़ रहे हैं। इसी गांव के ही मुकेश यादव इस सीट से दावेदार हैं। शुक्रवार को गांव की पोलिंग पर मुकेश की पत्नी भानवती वोट डालने को लाइन में लगी थीं।
भानवती को देखकर शिवराज ने विरोध करना शुरू कर दिया। शिवराज का कहना था कि भानवती फर्जी वोट डालने जा रही हैं। इसेे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों गुट में मारपीट होने लगी और पथराव शुरू हो गया।
इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में अवैध असलहों से फायरिंग होने लगी। फायरिंग होने पर भगदड़ मच गई। एक गोली शिवराज यादव के पेट में जा घुसी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। मतदान करने आए लोग भाग खड़े हुए। मौजूद पुलिस इस दौरान मूक बनी रही।
पुलिस ने किसी को पकड़ने का प्रयास नहीं किया। गोलीबारी में घायल शिवराज और पथराव में घायल हुए इनके भतीजे दिनेश को परिवार के लोग लोहिया अस्पताल ले गए।
दूसरे पक्ष से बीडीसी के उम्मीदवार मुकेश पथराव में घायल हो गए, इन्हें भी लोहिया अस्पताल में ले जाया गया। मतदान के दौरान फायरिंग की सूचना वायरलेस से कंट्रोल रूम को दी गई।
एडीएम मनोज सिंघल, एएसपी रामभवन चौरसिया, जहानगंज एसओ शैलेंद्र मिश्रा, मेरापुर इंस्पेक्टर कुंबरबहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की तलाश में छापेमारी की।
पुलिस ने रमेश यादव, किशोर सिंह, समरपाल, धनीधर निवासी मीरपुर, मनसुख निवासी करीमपुर, राजन उर्फ नीलू निवासी ज्योना को हिरासत में ले लिया है।
लोहिया अस्पताल में घायल शिवराज सिंह ने बताया कि मनोज यादव की पत्नी तीसरी बार फर्जी वोट डालने के लिए आई थीं। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने पथराव कर फायरिंग कर दी। लोहिया में सर्जन न होने से शिवराज को हायर सेंटर के लिए रिफर कर दिया गया।
सूरज चढ़ता गया मतदान बढ़ता गया- फर्रुखाबाद। पहले चरण के चुनाव में जैसे जैसे सूरज चढ़ता गया वैसे वैसे मतदान का प्रतिशत बढ़ता गया। कमालगंज और बढ़पुर विकास खंड क्षेत्र में शुक्रवार को मतदान हुआ। सुबह से मतदान शुरू होते ही बूथों पर मतदाताओं की भीड़ लगने लगी।
जैसे जैसे सूरज चढ़ता गया, वैसे वैसे मतदान का प्रतिशत भी बढ़ता गया। सुबह 11 बजे तक कमालगंज ब्लाक में 28.20 फीसदी वोट पड़े और बढ़पुर क्षेत्र में 23.33 फीसदी मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक बढ़पुर क्षेत्र में 41.66 फीसदी और कमालगंज क्षेत्र में 42.5 फीसदी मतदान हुआ।
कमालगंज की अपेक्षा बढ़पुर विकास खंड क्षेत्र में एक बजे तक मतदान का प्रतिशत कम रहा। तीन बजे बढ़पुर का मतदान प्रतिशत बढ़पुर 56 फीसदी हुआ तो कमालगंज क्षेत्र का मतदान प्रतिशत 57.4 पर पहुंच गया। शाम पंाच बजे तक बढ़पुर क्षेत्र में 66.14 फीसदी हुआ।
कमालगंज क्षेत्र में शाम तक 64.76 फीसदी मतदान हो सका। बढ़पुर ब्लाक को प्रशासन ने तीन और कमालगंज को पांच जोन में बांटा गया था। बढ़पुर के प्रथम जोन में शाम तक 67 फीसदी, जोन दो में 65 फीसदी और जोन तीन में 66.42 फीसदी मतदान हुआ।
कमालगंज के जोन एक में 66.4 फीसदी, जोन दो में 67.4 फीसदी, जोन तीन में 68 फीसदी, जोन चार में 62 फीसदी और जोन पांच में 60 फीसदी मतदान हुआ। दोनों विकास खंडों में 65.45 फीसदी मतदान हुआ।