संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। विद्युत वितरण निगम कायमगंज खंड के उपखंड नवाबगंज क्षेत्र में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पोल चढ़ने और क्रिकेट मैच की प्रतियोगिता कराई गई। इसमें 11 मीटर राउंड पोल पर चढ़ने में संविदा लाइनमैन रवि शर्मा ने प्रथम स्थान पाकर बाजी मारी। क्रिकेट मैच में उपखंड नवाबगंज की टीम ने उपखंड कायमगंज की टीम को 27 रन से हराकर जीत हासिल की।
बिजली के 11 मीटर ऊंचे राउंड पोल पर चढ़ने की संविदा लाइनमैनों की 26 जनवरी को प्रतियोगिता कराई गई। इसमें संविदा लाइनमैन रवि शर्मा ने प्रथम, विकास ने द्वितीय और नेम सिंह ने तृतीय स्थान पाया। एसडीओ रामकुमार ने प्रथम स्थान पर रहे संविदा लाइनमैन को ट्राफी, प्रशस्तिपत्र और 1500 रुपये ईनाम देकर सम्मानित किया। दूसरे को एक हजार व तृतीय स्थान पर रहे संविदा लाइनमैन को पांच सौ रुपये पुरस्कार दिया गया। उधर उपखंड कार्यालय नवाबगंज व कायमगंज की टीम के मध्य 15-15 ओवर का क्रिकेट मैच हुआ। टॉस जीत कर उपखंड कार्यालय नवाबगंज की टीम ने बल्लेबाजी की। 15 ओवर में 146 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में कायमगंज उपखंड कार्यालय की टीम बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी। पूरी टीम 15 ओवर में 119 रन बनाकर सिमट गई। नवाबगंज उपखंड की टीम ने 27 रन से मैच जीत लिया। जेई एसडीओ रामकुमार, एसडीओ दिलीप कुमार, राघवराम पांडेय, अनिल कुमार, अजय सिंह, शैलेंद्र, सुनील कुमार, अंशुल दिवाकर आदि लोग मौजूद रहे।