{"_id":"019837269a969ca2c410f20ea9e0a4da","slug":"official-cartridge-cases-found-in-kammalganj-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"कमालगंज में मिले सरकारी कारतूस के खोखे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कमालगंज में मिले सरकारी कारतूस के खोखे
ब्यूरो/अमर उजाला,फर्रुखाबाद
Updated Tue, 01 Dec 2015 12:23 AM IST
विज्ञापन
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। दूसरे चरण के मतदान की पूर्व संध्या पर कमालगंज इलाके में भारी मात्रा में कारतूस के खोखे मिले हैं। ये खोखे एसएलआर व 315 बोर के हैं। माना जा रहा है कि इन खोखों के एवज में कारतूस सप्लाई किए जाने थे। इस मामले में पुलिस ने बर्खास्त आरमरर के घर दबिश दी। वह मौके से फरार हो गया। पुलिस दो लोगों को पकड़ कर पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
कमालगंज थाना इलाके के श्रंगीरामपुर रोड पर खंता नाला के पास शाम के समय लोगों ने बालू में दबे कारतूसों के खोखे देखे। ग्रामीणों ने सिपाही महताब सिंह को सूचना दी। थाने से आला अफसरों को सूचना मिली। इस पर डीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, एसपी राजेश कृष्ण, स्वाट टीम व थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। यहां तलाशी में बालू के नीचे बडे़ पैमाने पर खोखे बरामद हुए। गिनती में इनकी संख्या पांच हजार से अधिक बताई जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस ने इसके बाद कतरौली पट्टी में रहने वाले थाना के बर्खास्त हेड मोहर्रर असगर अली के यहां छापा मारा। वह पुलिस को देखते ही भाग निकला। पुलिस उसके यहंा से बुलेट उठा ले आई। असगर ने कमालगंज विकास खंड के वार्ड संख्या चार से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ा था, जिसमे वह हार गया। खोखों की बरामदगी स्थल के पास ही असगर का भट्टा है।
विज्ञापन
असगर की पत्नी प्रधान रह चुकी है और इस बार भी मैदान में है। पुलिस ने खंता नाला के पास से दो लोगाें को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं देर रात जिला मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई और पूरे गांव में तलाशी अभियान शुरू किया गया।