फर्रुखाबाद। प्रयागराज में हुई यूपी सीनियर स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले के छह खिलाड़ियों ने आठ पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया है। उनके लौटने पर क्रीड़ाधिकारी व कोच ने बधाई दी।
प्रयागराज में सात व आठ जनवरी को यूपी सीनियर स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं हुई थी। इसमें जिले से छह खिलाड़ी प्रतिभाग करने गए थे। खिलाड़ी हारून हुसैन ने 100 मीटर व दौ सौ मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विपिन गुर्जर ने ट्रिपल जंप में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अभिषेक कुमार ने लांग जंप में द्वितीय स्थान पाया।
अभिषेक सिंह ने 400 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान पाया। दीपक चाहर ने 800 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान पाया और सुमन राजपूत ने लांग जंप व ट्रिपल जंप में तृतीय स्थान प्राप्त कर मेडल जीता है। इन खिलाड़ियों के लौटने पर स्टेडियम फतेहगढ़ में क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर पटेल, एथलेटिक्स कोच गौरव पाराशर, सचिव योगेश शुक्ला, सर्वेंद्र सिंह, मोहम्मद अनवर शैवर अली खान, अजय प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी।