इकदिल (इटावा)। विराट दंगल कमेटी इकदिल ने प्राइमरी स्कूल इकदिल के पास दो दिवसीय दंगल का आयोजन किया। जिसमें कई जिलों के पहलवानों ने भाग लेकर कुश्ती में अपने दांवपेच दिखाए और लोगों की वाहवाही लूटी। विराट दंगल के प्रथम दिन नगर पंचायत अध्यक्ष डा. सौरभ दीक्षित ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती शुरू करवायी। दंगल में पहलवानों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। दूसरे दिन झंडा कुश्ती में विक्रम पहलवान फीरोजाबाद व देवेंद्र पहलवान बड़ागांव (आगरा) के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। जिसमें काफी देर तक दोनों पहलवान दंगल में डटे रहे। कड़े मुकाबले के बाद दोनों ही पहलवानों की झंडा कुश्ती बराबर पर रही। प्रदर्शन को देखते हुए कमेटी ने फिरोजाबाद के पहलवान विक्रम को विजय घोषित किया। झंडा कुश्ती पर तीस हजार रुपये का पुरस्कार था। दंगल कमेटी के अध्यक्ष राजू राजपूत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। दंगल के समापन मौके पर पूर्व सांसद/पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील यादव, केके यादव, सुनील टंडन एड., समाजसेवी डा.सुशील सम्राट, उमेश राजपूत डुल्ले, सुघर सिंह राजपूत, विजय वर्मा, आलोक राजपूत, जितेंद्र वर्मा, रंजीत सिंह राठौर, अश्वनी यादव, प्रदीप सोनी, रजत वर्मा, अन्नू चक आदि उपस्थित थे।