{"_id":"7cc32aa7309c640224378f7d43a26fca","slug":"wife-and-family-made-antyodaya-card-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पत्नी और परिजनों के बनवाए अंत्योदय कार्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पत्नी और परिजनों के बनवाए अंत्योदय कार्ड
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Thu, 06 Aug 2015 10:52 PM IST
विज्ञापन
पत्नी और अन्य परिवारीजनों के नाम अंत्योदय राशनकार्ड बनवाने की शिकायत सही पाए जाने पर ग्राम पंचायत राहिन में डीएसओ ने तत्काल प्रभाव से राशन की दुकान निलंबित कर दी है।
विज्ञापन
यहां के राशनकार्डों को भूटा गनेशपुर की राशन दुकान से संबद्ध किया गया है। इसके अलावा राशन डीलर को स्पष्टीकरण देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बसरेहर ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत राहिन के ग्रामीणों ने डीएसओ सत्यवीर सिंह से शिकायत की कि राशन डीलर प्रेमचंद्र ने अपनी पत्नी व अन्य परिजनों के नाम से अंत्योदय व बीपीएल राशनकार्ड बनवा लिए। यह कार्ड ऑनलाइन फीड कर दिए गए। डीएसओ ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुशील शर्मा को मामले की जांच के निर्देश दिए।
विज्ञापन
ऑनलाइन सूची की जांच में राशन डीलर की पत्नी पुष्पा देवी, पुत्र उदय प्रताप सिंह आदि के नाम अंत्योदय राशनकार्ड सूची में क्रमांक 29 व 45 पर दर्ज पाए गए।
विज्ञापन
डीएसओ ने बताया कि जांच से स्पष्ट था कि विक्रेता ने प्रचलित राशनकार्डों की वास्तविक सूची प्रस्तुत न करके वेंडर आदि से मिलीभगत कर अपने परिवार के अंत्योदय व बीपीएल राशनकार्ड फीड करा लिए थे।
इस वजह से वास्तविक राशनकार्ड धारकों के नाम ऑनलाइन सूची में प्रदर्शित नहीं हो रहे। जांच के दौरान राशन डीलर से बिक्री व स्टॉक रजिस्टर दिखाने को कहा गया लेकिन उन्हें भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया।
अनुबंध पत्र की विभिन्न शर्तों एवं शासनादेशों के उल्लंघन पर राशन डीलर प्रेमचंद्र की दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गई। फिलहाल यहां से जुड़े कार्डधारकों को ग्राम पंचायत भूटा गनेशपुर के राशन डीलर वीरेंद्र से संबद्ध किया गया है।
साथ ही प्रेमचंद्र से सात दिन के अंदर साक्ष्य समेत स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। ऐसा न करने पर एक पक्षीय दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।