{"_id":"063ef631623e5f5f6e411e994d2f7188","slug":"jeweler-shoot-jewelery-robbed-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ज्वैलर को गोली मार सात लाख के जेवर लूटे ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ज्वैलर को गोली मार सात लाख के जेवर लूटे
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Wed, 08 Apr 2015 12:21 AM IST
विज्ञापन
उदी में ज्वैलरी शॉप बंदकर घर जा रहे सर्राफा व्यापारी को मंगलवार की शाम दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने गोली मारकर जेवरों से भरा थैला लूट लिया। घायल सर्राफा व्यवसाई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थैले में करीब सात लाख रुपये कीमत के जेवर और 26 हजार रुपये नकद बताए गए हैं। सूचना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी बृजेश कुमार शुक्ला पुत्र श्रीप्रकाश शुक्ला उदी चौराहा में चकरनगर रोड पर सर्राफा की दुकान है। वह पास ही में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार की शाम करीब सात बजे उन्होंने अपनी दुकान को बंद किया और जेवरों से भरा थैला लेकर घर के लिए चल दिए।
विज्ञापन
दुकान से वह पचास कदम की दूरी पर ही निकले थे तभी दो बाइक पर सवार होकर आए आधा दर्जन लुटेरों ने उन्हें घेर लिया और थैला छीनने की कोशिश की। बृजेश ने जब विरोध किया तो लुटेरों मारपीट की। बृजेश ने थैला नहीं छोड़ा तो लुटेरों ने उसके ऊपर गोली दाग दी।
विज्ञापन
गोली उनके पैर में लगी जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े तो बाइक सवार लुटेरों ने हवाई फायरिंग की और तमंचे लहराते हुए जेवरों से भरा थैला लेकर भाग निकले। सरेशाम हुई लूट की इस वारदात से कस्बे में दहशत फैल गई।
लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। आसपास के लोगों ने घायल सर्राफ को पीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लूट का शिकार हुए सर्राफा व्यवसाई ने बताया कि उनके थैले में सोने की चूड़ी, हार, अंगूठी, हाय, पैंडल सहित करीब सात लाख रुपये का सामान रखा था।
इसके अलावा बिक्री के 26 हजार रुपये भी थैले में थे। इधर, राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन एक घंटे बाद पुलिस के पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की। एसएसपी डा. राकेश सिंह का कहना है कि घात लगाकर बैठे लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित ने दो तीन आरोपियों को पहचान भी लिया है। उसका इलाज चल रहा है। जैसे ही उनकी हालत ठीक होती है, तहरीर के आधार कार्रवाई की जाएगी।