{"_id":"28b48254b8f1df5007aa0d5908a360c5","slug":"driver-s-body-found-in-river-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नदी में मिला लापता कार चालक का शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नदी में मिला लापता कार चालक का शव
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
Updated Sat, 10 Jan 2015 11:55 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जांच में जुटी नोएडा पुलिस ने लापता कार चालक का शव शनिवार को यहां सेंगर नदी से बरामद कर लिया। लुटेरों ने कार लूटने के बाद ड्राइवर की हत्या कर शव सेंगर नदी में फेंक दिया था।
विज्ञापन
जांच में जुटी नोएडा पुलिस भरथना तक जीपीएस सिस्टम की लोकेशन से पहुंची थी। लूटी गई कार को इलाहाबाद पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। शव मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
विज्ञापन
बीते दो दिनों से नोएडा पुलिस कस्बे में डेरा जमाए थी। पुलिस हर रोज सेंगर नदी पुल के आसपास छानबीन कर रही थी। शनिवार को नोएडा पुलिस को कामयाबी मिली और उसने नदी से शव बरामद किया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी दी। नदी से मिला शव इलाहाबाद जिले के गांव गोपालीपुरा पोस्ट धनपुरा निवासी संजय कुमार पुत्र हरि राधेश्याम का बताया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार संजय कुमार नोएडा की एक ट्रेवेल्स एजेंजी में कार का ड्राइवर था। 26 दिसंबर को कुछ लोगों ने एजेंसी पर जाकर स्विफ्ट डिजायर कार को कानपुर के बच्चन मंडल के नाम पर बुक किया। संजय उक्त लोगों के साथ कार लेकर कानपुर की ओर रवाना हो गया।
दो दिन बाद भी जब कार वापस नहीं आई तो गाड़ी मालिक ने ड्राइवर संजय के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल फोन स्विच ऑफ रहा। खोजबीन के बाद कार मालिक ने 29 दिसंबर को नोएडा के थाना सेक्टर 24 में कार व चालक के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
उधर 29 दिसंबर को ही पुलिस ने इलाहाबाद के धूमनगंज में लावारिस हालत में खड़ी कार बरामद कर नोएडा पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस लापता ड्राइवर की तलाश में लगी थी। पुलिस ने कार में लगे जीपीएस की लोकेशन ली तो पाया कि कार भरथना के सेंगर नदी पुल पर करीब एक घंटा तक खड़ी रही है।
इसके बाद दो दिन पहले पुलिस यहां पहुंची और छानबीन की। पुलिस को आशंका थी कि ड्राइवर की हत्या के बाद लुटेरों ने शव को यहीं कहीं पर फेंका है। जांच में जुटी नोएडा पुलिस ने शनिवार की सुबह करीब 10 बजे चालक का शव नदी में खड़ी झाड़ियों के बीच से बरामद कर लिया।
पास से ही उसके जूते वह जैकिट भी बरामद की। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने कार मालिक के साथ मृतक के परिवारीजनों को सूचना दी। नोएडा से आए दरोगा अंतपाल सिंह यादव ने बताया कि लुटेरों ने कार किराए पर लेकर चालक की हत्या करके शव यहां फेंका है। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।