सैफई। मारपीट कर अधमरा किए गए किशोर की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पहले हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब हत्या की धारा जोड़ी जाएगी। घटना वाले दिन सदमे में किशोर की परदादी की मौत हो गई थी।
ग्राम भागीपुर में बुधवार को खेत में खड़ी मक्का की फसल पर भैंस चढ़ाने से रोकने को लेकर गुस्साए तीन सगे भाइयों रिंकू, कैलाश और असित ने 15 वर्षीय आशीष पुत्र मनमोहन सिंह को पीटकर अधमरा कर दिया था। गंभीर घायल आशीष को परिजनों ने इलाज के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में भर्ती कराया था। शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मनमोहन सिंह ने गांव के ही रिंकू, कैलाश और असित के खिलाफ सैफई थाने में जान से मारने की नियत हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना वाले दिन आशीष की 80 वर्षीय परदादी रामवती की सदमे से मौत हो गई थी। कार्यवाहक सैफई थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि रिंकू, कैलाश और आसित पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब किशोर की मौत पर विवेचना के आधार पर हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।