तंज: साक्षी महाराज बोले- अखिलेश की सत्ता में वापसी का सपना नहीं होगा पूरा
उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने सोमवार को कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सत्ता में लौटने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। अखिलेश यादव रात में नहीं दिन में सपने देखते हैं। उनसे रामपुर, आजमगढ़ और इटावा चला गया है अब कुछ नहीं रह गया है।
शहर में धार्मिक आयोजन में शामिल होने आए भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने ‘केशव प्रसाद मौर्य 100 विधायक लाएं तो मुख्यमंत्री बना देंगे’ के सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर कटाक्ष किया। बिहार में बदलाव को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि नीतीश जी ने अपना राजनीतिक कॅरिअर चौपट कर लिया है।
इतने रंग बदलने वाला और धोखा देने वाला व्यक्ति राजनीति में ढूंढने से नहीं मिलेगा। कांग्रेस की देश जोड़ो यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये बचकानी बातें हैं। राहुल गांधी भारत जोड़ेंगे तो तोड़ा किसने था। पाकिस्तान किसने बनाया था, ये सब जानते हैं।
भारत के टुकड़े कांग्रेस के काल में हुए हैं। मोदी जी उन टुकड़ों को जोड़ने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस अलगाववादियों के साथ है, जो भारत के विरोधी हैं। वह उन्हीं के साथ उठती-बैठती और बातचीत करती है। साक्षी महाराज ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटने से आतंकवादियों और अलगाववादियों को करारी चोट मिली है।
शिवपाल सिंह यादव के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा जिन लोगों के सामने रास्ता साफ नहीं होता है तो अपने-अपने तरीके से कुछ न कुछ बात करते रहते हैं। कहा वे शिवपाल सिंह और अखिलेश दोनों को निकट से जानते हैं, लेकिन अभी बहुत ज्यादा कमेंट करना उचित नहीं समझते। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के बारे में कहा साफ- साफ दिखाई दे रहा है। भाजपा उत्तर प्रदेश में सभी 80 सीटें जीतेगी।