फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Etawah News ›   आंधी ने मचाई तबाही, बिजली गिरने से एक की मौत

आंधी ने मचाई तबाही, बिजली गिरने से एक की मौत

Mon, 02 Jun 2014 05:33 AM IST
Etawah
Etawah Updated Mon, 02 Jun 2014 05:33 AM IST
विज्ञापन
चकरनगर/भरथना/महेवा (इटावा)। शनिवार की रात आए तूफान ने काफी तबाही मचाई। इस तेज आंधी-पानी में सैकड़ों पेड़ टूटकर गिर गए। भरथना और उसके आसपास क्षेत्र में ओले भी पड़े। इस आंधी में छप्पर उड़ गए, वहीं बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। चकरनगर क्षेत्र में दर्जनों बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। टीन की छतें हवा में उड़ गई। दीवारें ढह गई। हालांकि यहां कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं महेवा में कथा पंडाल गिरने से दो लोग घायल हो गए और कई जानवरों की मौत हो गई।
विज्ञापन

भरथना और उसके आसपास क्षेत्र में बीती देर शाम अचानक तेज आंधी-पानी और ओलों ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। तेज हवा ने आम के पेड़ों की डालियां उखाड़ फेंकी। घरों के बाहर रखे छप्पर जमीन पर आ गिरे। तेज बारिश के साथ गिरी बिजली ने मौजा रमाइन के नगला महमूद में 40 वर्षीय देवी दयाल दोहरे पुत्र राघवेंद्र दोहरे को अपनी चपेट में ले लिया। वह अपने खेत पर तरबूजों की रखवाली कर रहा था। जिस समय बिजली गिरी वह आम के पेड़ के नीचे बैठा था। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देवीदयाल जब काफी देर होने पर घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन हुई। वह मृत अवस्था में पेड़ के नीचे मिला। सूचना मिलने पर एसडीएम ईश्वरचंद्र, तहसीलदार जीत सिंह राय, नायब तहसीलदार शिव नारायण पांडेय मौके पर गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया।
विज्ञापन

आंधी ने चकरनगर क्षेत्र में भी काफी तबाही मचाई। भरेह थाना क्षेत्र के गांव हरपुरा गांव निवासी पंचोदेवी पत्नी जबेंद्र आकाशीय बिजली गिरने से घायल हो गई। कस्बा स्थित एमआई गोदाम की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कंकरीट फैक्ट्री का टीनशेड उखड़ गया। विनोद तिवारी का भी टीनशेड हवा में उड़कर करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरा। सुघर सिंह यादव के कमरे का टीनशेड 100 मीटर दूर जाकर एक पेड़ पर गिरा। यहीं दीवार गिरने से उनके कमरे में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। भोलासिंह के नवनिर्मित मैरिज होम की चहारदीवारी धराशाई हो गई। अड्डा निवासी उपेंद्र सिंह के पिता को मिला इंदिरा आवास बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। राजपुर रोड पर पांच बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। इनमें एक खंभा मारुति वैन पर जाकर गिरा, इससे वैन क्षतिग्रस्त हो गई। ग्राम महाराजपुरा, रामपुरा, मानपुरा, राजपुर, बछेड़ी, कुंदौल, गनियावर, पाली, गोपालपुरा, छिबरौली में भी तेज आंधी से सैकड़ों पेड़ धराशाई हो गए। कई बिजली के पोल उखड़ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

ग्राम बछेड़ी में गांव के बाहर बने मंदिर पर बिजली गिरने से गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। अजीत की गढ़िया और बंसरी में भी आंधी ने पेड़ और बिजली के खंभे उखाड़ दिए। विद्युत पोल उखड़ने से चकरनगर क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। इस आपदा से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए एसडीएम महेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर कानूनगो राजेश सिंह चौहान व राजस्व विभाग के कर्मचारी क्षेत्र में गए हैं। तहसीलदार चकरनगर मिथलेश कुमार ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। सोमवार तक रिपोर्ट मिल जाएगी। पीड़ितों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति की जाएगी।

--
कथा पंडाल गिरने से दो घायल, मवेशी भी मरे
महेवा ब्लाक के कई गांवों में तूफान से बिजली सप्लाई ठप हो गई। कई जानवर भी मौत के मुंह में समा गए। ग्राम नगला भदौरिया में भागवत कथा का पंडाल गिरने से शिशुपाल सिंह व रमेश सिंह घायल हो गए। वहीं टिलीटिला गांव में भी भागवत कथा का पंडाल उखड़ गया। नगला भदौरिया में बिजली लाइनें ध्वस्त हो गईं। कई पेड़ बिजली के तारों पर गिरे, जिससे खंभे टूट गए। ग्राम इन्द्रापुर में बिजली के 14 खंभे टूट गए। मकानों की टीनशेड उड़ गए। एक टीन रामशंकर दोहरे पुत्र जोधा की भैंस पर जा गिरी। इससे भैंस की मौत हो गई। कई अन्य जानवर पेड़ों के नीचे दबकर काल के गाल में समा गए। छुट्टू सिंह व चंद्रप्रकाश का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। निवाड़ीखुर्द में भी कई लोगों के घरों के बाहर रखे छप्पर और टीन उड़कर दूर जाकर गिरे। क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम भरथना से पीड़ितों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। इस तेज आंधी पानी से जहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया, वहीं रविवार शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इससे लोग भीषण गर्मी में बिलबिलाते रहे। आंधी पानी में महेवा, अहेरीपुर, वीरपुर, निवाड़ीकला क्षेत्र व नहर कोठी के पास में कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed