इटावा। एसआईआर में भरथना, जसवंतनगर और इटावा सदर विधानसभा क्षेत्र में शामिल 1,37,309 मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष अपने कागजात प्रस्तुत करने होंगे। कागजात सही पाए जाने पर इन मतदाताओं को सूची में शामिल किया जाएगा।
जिले के 12,29,631 मतदाताओं एसआईआर की श्रेणी में लाया गया था। गणना प्रपत्र जमा होने के बाद जो आंकड़े आए हैं उसके अनुसार मतदाता सूची में 996422 मतदाता शामिल हैं। इस तरह 2,33040 मतदाताओं के नाम इस लिस्ट में शामिल होने से रह गए हैं। उनके गणना प्रपत्र नहीं मिले हैं या उनकी 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाए हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार ये मतदाता वे हैं जिनकी वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मैपिंग नहीं हो सकी है। एसआईआर में यह व्यवस्था की गई कि वर्ष 2025 की सूची में जिन मतदाताओं के नाम शामिल हैं उनका स्वयं का अथवा माता, पिता, दादा, दादी, नाना, नानी में से किसी का भी नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में होना चाहिए। यदि ऐसा नहीं है तो उनका नाम नो मैपिंग की सूची में डाल दिया जाएगा। उन्हें निर्वाचन आयोग से निर्धारित कागजात जमा कराने होंगे। मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित होने के बाद ऐसे मतदाताओं को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रक्रिया की जा रही है।