एटा। गंदगी से बीमारियां न पनपें, इसके लिए नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन यहां तो मेडिकल कॉलेज के वार्डों में ही गंदगी बनी हुई है। सफाई पर ध्यान न दिए जाने के कारण वार्डों में दुर्गंध से मरीज परेशान हैं। इस समय जानलेवा बुखार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसको लेकर शासन और जिला प्रशासन के निर्देश हैं कि विशेष साफ-सफाई की जाए। शहर से लेकर गांव तक को साफ सुथरा रखने के निर्देश दिए हैं। गांव-कस्बों की बात तो दूर, मेडिकल कॉलेज तक में कर्मचारियों की सक्रियता और गंभीरता नजर नहीं आ रही।
बुखार पीड़ितों को मेडिकल कॉलेज परिसर में बनी मैटरनिटी विंग के तृतीय तल पर वार्ड में बुखार से पीड़ित मरीजों को भर्ती किया जा रहा है, लेकिन वार्ड में गंदगी के कारण दुर्गंध आ रही है। इससे भर्ती मरीजों के साथ उनके तीमारदार भी परेशान हैं। तीमारदारों ने बताया कि दुर्गंध के कारण ज्यादा देर वार्ड में रुकना मुश्किल होता है। कहा कि वार्ड में सफाई के नाम पर सिर्फ झाड़ू लगती है। धुलाई और पोंछा तो कर्मचारी भूल चुके हैं। फिलाइन आदि कीटाणुनाशकों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है।