अवैध संबंध के कारण मां-बेटी की हत्या: पति ने पिता संग रची साजिश, सोते समय दोनों पर किए हथौड़े से ताबड़तोड़ वार
21 सितंबर की रात रुकमपाल ने फोन कर सियाराम और दिनेश को घर के अंदर बुलाया। इसके बाद सो रही प्रियंका और कमला देवी पर हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। सभी आरोपी मौके से भाग गए। एएसपी ने बताया कि पुलिस ने सियाराम और धर्मेंद्र को किला बाईपास रोड की ओर जाने वाले रास्ते से रविवार तड़के करीब 4:30 बजे गिरफ्तार किया।
विस्तार
यूपी के एटा में पांच दिन पहले अवागढ़ में हुई मां-बेटी की हत्या की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना अवागढ़ पुलिस ने स्वाट, इंटेलिजेंस और सर्विलांस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी ससुर सियाराम सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयोग किया गया हथौड़ा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार प्रियंका के अवैध संबंधों के कारण परिवार में विवाद था। इसी वजह से उसके पति रुकमपाल, ससुर ने हत्या की साजिश रची थी। मुख्य आरोपी रुकमपाल अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
दोनों के सिर पर मारा हथौड़ा
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि कस्बा अवागढ़ के मोहल्ला यादव नगर में दरगाह के पीछे प्रियंका अपनी मां कमला देवी और बच्चों के साथ रहती थी। 21 सितंबर की रात वह और उसकी मां अलग-अलग चारपाई पर सो रहीं थीं। तभी रुकमपाल ने अपने पिता सियाराम और दिनेश निवासी बरमाई थाना मटसेना जिला फिरोजाबाद के साथ मिलकर हथौड़ा से दोनों के सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए। घटना के बाद प्रियंका की बेटी कल्पना की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

कई बार समझाया पर नहीं मानी प्रियंका
जांच में प्रियंका के पति रुकमपाल, ससुर सियाराम और देवर धर्मेंद्र सिंह निवासी ठाठी गदनपुर थाना एका, दिनेश कुमार निवासी बरामई थाना मटसेना जिला फिरोजाबाद के नाम सामने आए। पूछताछ में सियाराम ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे रुकमपाल की पत्नी प्रियंका के चाल-चलन की वजह से परिवार में विवाद रहता था। उसका आरोप है कि कई बार समझाने के बाद भी प्रियंका नहीं मानी। प्रियंका की मां कमला देवी उसका साथ देती थी। इसी वजह से दोनों की हत्या करने की योजना बनाई। घटना से एक दिन पहले रुकमपाल ने दिनेश को अवागढ़ बुलाया और उसे धर्मेंद्र के किराए के मकान पर ठहराया।
सियाराम पर था 25 हजार का इनाम घोषित
21 सितंबर की रात रुकमपाल ने फोन कर सियाराम और दिनेश को घर के अंदर बुलाया। इसके बाद सो रही प्रियंका और कमला देवी पर हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। सभी आरोपी मौके से भाग गए। एएसपी ने बताया कि पुलिस ने सियाराम और धर्मेंद्र को किला बाईपास रोड की ओर जाने वाले रास्ते से रविवार तड़के करीब 4:30 बजे गिरफ्तार किया। वहीं दिनेश को टूंडला-एटा रोड स्थित होटल के पास से करीब 4:50 बजे पकड़ा। सियाराम पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब मुख्य आरोपी रुकमपाल की तलाश में दबिश दे रही है।
नहीं था किसी आरोपी के पास मोबाइल
इनामी सहित जो तीनों आरोपी पकड़े हैं इनके पास कोई मोबाइल नहीं था। यही वजह रही कि इनको पकड़ने में पुलिस व स्वाट टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों से पूछताछ के बाद सभी कड़ियों को जोड़ते हुए इन तक पहुंचा गया। आरोपी धर्मेंद्र ने इनको शरण दी और रुकमपाल को वारदात के बाद भागने में मदद की इसलिए उसको भी पकड़ा है। वहीं रुकमपाल की भी तलाश की जा रही है। - श्वेताभ पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक