UP: हैलो! तुम्हारा बच्चा मेरे कब्जे में है, तीन लाख दे जाओ, पुलिस को बताया तो...और फिर नदी में उतराती मिली लाश
UP: हैलो! तुम्हारा बच्चा मेरे कब्जे में है, तीन लाख दे जाओ। पुलिस को बताया तो खैर नहीं। और फिर अगली सुबह मासूम की लाश नदी में उतराती मिली।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बदमाशों ने चार वर्षीय मासूम का अपहरण करके घर वालों से फिरौती मांगी। परिजन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। मामले में पुलिस की दखलंदाजी बदमाशों को बुरी लगी। उन्होंने मासूम की निर्मम हत्या कर दी।
तुम्हारा बच्चा मेरे कब्जे में है
मामला बागवाला थाना क्षेत्र के कुंदनपुर गांव का है। गांव निवासी ओमवीर सिंह का चार वर्षीय बालक रिशु मंगलवार को लापता हो गया। काफी खोजबीन की गई लेकिन पता नहीं चला तो परिजन परेशान हो गए। इसी बीच शाम करीब सात बजे उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उसका बच्चा उनके कब्जे में है। बालक को छुड़ाने के लिए तीन लाख रुपये की व्यवस्था कर लें।
यह भी पढ़ेंः- अंजलि हत्याकांडः इंस्टाग्राम पर अलग-अलग ID से लड़कियों को फंसाता, संपत्ति पर रहती नजर, उन्हीं से पूरे करता शौक
हत्या करके शव नदी में फेंका
बच्चे के अपहरण और फिरौती की बात सुनकर ओमवीर के होश उड़ गए। वह भागते हुए थाने पहुंचा और पूरी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश और बच्चे को बचाने के प्रयास में जुट गई। इसकी भनक बदमाशों को लग गई तो उन्होंने मासूम की निर्मम हत्या कर दी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे मासूम की लाश जैथरा थाना क्षेत्र के काली नदी में उतराती मिली।
यह भी पढ़ेंः- शादीशुदा से युवती को हुआ इश्क: गर्भवती होने पर मिला ये सिला..समाज के ताने सुन कब्रिस्तान में बेटी को दिया जन्म
पुलिस टीमें तलाश में जुटी थीं
मासूम का शव देककर परिजन चीखने लगे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी ने बताया कि बच्चे का पिता जवाहर तापीय परियोजना मलावन प्लांट में काम करता है। मंगलवार की दोपहर बच्चे का अपहरण किया गया था। फिरौती की रकम मांगने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीमें लगी हुई थीं। बुधवार की सुबह शव बरामद हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ेंः- Mathura: तेज प्रताप ने लाडलीजी मंदिर में मनाया पिता लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन, अच्छे स्वास्थ्य की कामना की