एटा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में तकनीकी समस्या के चलते परीक्षार्थी अपना पेपर नहीं दे पाए। आक्रोशित परीक्षार्थियों ने संस्थान के बाहर प्रदर्शन किया और पेपर को दोबारा कराने की मांग की। देर शाम को पेपर रद्द कर 19 व 20 फरवरी को पेपर कराने का निर्णय लिया गया।
कासगंज रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में परीक्षा संचालित की जा रही है। मंगलवार को प्रथम पाली में बैच 2018 के छात्रों का इलेक्ट्रीशियन ट्रेड थ्योरी का पेपर ऑनलाइन आयोजित किया गया। पेपर शुरू होने के बाद ही परीक्षार्थियों को लॉगइन व अन्य तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से निर्धारित समय में परीक्षार्थी अपना पेपर हल नहीं कर सके। समय खत्म होने के बाद आक्रोशित परीक्षार्थियों ने संस्थान के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य नरवेश सिंह यादव ने बताया कि देर शाक को पेपर रद्द कर दिया गया है। 19 व 20 फरवरी को दोबारा पेपर कराने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान सूर्य प्रताप सिंह, अजीत कुमार, अमित कुमार, केशव सिंह, सनोज, पकंज, गौरव, भानू प्रताप आदि मौजूद रहे।