अलीगंज। अलीगंज को जिला घोषित कराने की मांग को लेकर रविवार को पुरानी तहसील में बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्ग के लोगों ने अलीगंज को जिला बनाने की मांग की। बैठक में स्नातक एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह ने अलीगंज को जिला बनाने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
बैठक में अधिवक्ता दिनेश दीक्षित ने कहा अलीगंज क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से काफी विस्तृत है और यहां के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में अलीगंज को जिला घोषित किए जाने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। बैठक में पहुंचे स्नातक एमएलसी एवं प्रत्याशी मानवेंद्र प्रताप सिंह से संघ कार्यकर्ता राजकुमार सिंह राठौर, डीएवी इंटर कॉलेज के अध्यक्ष राजकुमार सिंह, गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज के प्रबंधक रामगोपाल सिंह शाक्य, सूर्यकांत गुप्ता, जयनरेश सिंह राठौर ने उनको ज्ञापन सौंपा। वरिष्ठ अधिवक्ता अंबरीश सिंह राठौर ने कहा अलीगंज को जिला बनाने की मांग उचित है और क्षेत्र इसके लिए उपयुक्त है। उनकी मांग पर एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा ज्ञापन पर मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत चर्चा करते हुए विधानसभा सत्र में अलीगंज को जिला बनाने की मांग को रखा जाएगा। बैठक में सुरेंद्र दुबे एडवोकेट, प्रमोद सिंह पट्टी, प्रदीप कुमार, संजय कुमार, सौरभ सिंह, गौरव सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।