एटा/मारहरा। ब्लॉक मारहरा क्षेत्र के गांव अमृतपुर स्थित कोटा डीलर के पति ने राशन कम देने की शिकायत पर एक महिला को पीट दिया। बाद में लाइसेंसी बंदूक से धमकी भी दी। अमृतपुर निवासी राजकुमार ने कोटा डीलर उर्मिला देवी के पति रामप्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि 17 दिसंबर को पात्र गृहस्थी का राशन कार्ड लेकर मां उर्मिला राशन लेने गईं थीं, यहां पर राशन कम दिया गया तो मां ने शिकायत की। इसी बात पर रामप्रकाश झगड़ा करने लगा। बाद में शोर शराबा होने पर मैं भी पहुंच गया तो गालीगलौज कर दोनों की पिटाई कर दी। इसके बाद भविष्य में राशन न देने और लाइसेंसी बंदूक से धमकाया। राजकुमार का आरोप है कि कोटा डीलर का पति दबंग प्रवृत्ति का है और अपनी पत्नी के नाम से कोटा चला रहा है।
वहीं कस्बा मिरहची के ही महेश कुमार ने अपने साढू सौरभ व अवनीश उर्फ भूरा के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, इसके बाद साढू आ गए और बेल्टों से पिटाई की गई। बता दें कि 28 नवंबर को महेश का एक वीडियो वायरल हुआ था, इसमें कह रहा था कि पुलिस कर्मियों और साढू ने बेल्टों से पिटाई की है। थाना प्रभारी छत्तरपाल सिंह ने बताया कि कोटा डीलर के पति ने राशन कार्डधारक की पिटाई कर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है। मामले की जांच की जा रही है।